Success Story: बिजनेस करने के अलावा अब लोगों का रुझान खेती की ओर भी बढ़ा है। हाल ही में मिजोरम के एक किसान ने खेती का तरीका बदलकर अपनी कमाई सात गुना बढ़ा ली है। मिजोरम के आइजोल के किसान शुयाया राल्ते ने जैविक खेती (Organic Farming) के जरिए अपनी कमाई बढ़ाई है। उनकी इस मेहनत को देखकर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सराहना की है। दरअसल, मिजो किसान ने साल 2017 में रासायनिक खेती को छोड़कर जैविक खेती (Organic Farming) को अपना हथियान बना लिया। उन्होंने अदरक (Ginger), मिजो मिर्च (Mizo chilly) और अन्य सब्जियों की जैविक खेती की शुरुआत कर दी। इसके बाद उनकी बंपर कमाई होने लगी।
बता दें कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए विकसित भारत संकल्प यात्रा (Viksit Bharat Sankalp Yatra) के लाभार्थियों से बातचीत की थी। इसमें जैविक खेती करने वाले मिजो किसान की अपनी कमाई 7 गुना से अधिक बढ़ाने के लिए सराहना की थी।
किसान ने आगे बताया कि वो अपनी उपज को नई दिल्ली तक की अलग-अलग कंपनियों को बेचते हैं। इससे उनकी कमाई में इजाफा हुआ है। यह 20,000 रुपये से बढ़कर 1,50,000 रुपये हो गई है। पीएम मोदी ने मिजो के किसान से खेती की उपज बेचने के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा है कि उत्तर पूर्वी क्षेत्र में मिशन ऑर्गेनिक वैल्यू चेन डेवलपमेंट (Organic Value Chain Development) के तहत एक मार्केट बनाया गया है। जिसके तहत किसान बिना किसी परेशानी के अपनी उपज को बेच सकते हैं। . प्रधानमंत्री ने इस बात पर खुशी जताई कि देश में कई किसान जैविक खेती (Organic Farming) को अपनाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
जैविक खेती सेहत के लिए है फायदेमंद
पीएम मोदी ने कहा कि देश में जैविक खेती को अपनाना चाहिए। इस तरह की खेती के जरिए किसानों की कमाई में इजाफा होता है। इसके साथ ही यह खेती जमीन और हमारी सेहत के लिए बेहद फायदेमंद है।