Weather Updates: उत्तर भारत के कई राज्य शीत लहर की चपेट में हैं। 6 जनवरी को दिल्ली-एनसीआर के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छाया रहा। इसके साथ ही हाड़ कंपा देने वाली शीतलहर भी चल रही है। राष्ट्रीय राजधानी में पहले से ही कड़ाके की ठंड पड़ रही है। इस बीच तापामान में और गिरावट देखने को मिली है। राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ के अलग-अलग हिस्सों में भीषण से बहुत भीषण ठंडा दिन रहने की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग का कहना है कि अभी सर्दी और ज्यादा बढ़ने के आसार हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, आज यानी शनिवार (6 जनवरी) को राजधानी दिल्ली में कोल्ड डे की स्थिति बनी रहेगी। इतना ही नहीं आने वाले दिनों में बारिश होगी। जिसके बाद ठंड और ज्यादा बढ़ जाएगी। दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान 9 डिग्री रहने की संभावना है।
दिल्ली में प्रदूषण का हाल
मौसम विभाग की मानें तो एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ के असर से नई दिल्ली में 9 और 10 जनवरी को बारिश हो सकती है। दिल्ली के एक्यूआई की बात करें तो शुक्रवार को दिल्ली के सात इलाकों में हवा गंभीर श्रेणी में रही। एक्यूआई शून्य से 50 के बीच 'अच्छा', 51 से 100 के बीच 'संतोषजनक', 101 से 200 के बीच 'मध्यम', 201 से 300 के बीच 'खराब', 301 से 400 के बीच 'बहुत खराब' और 401 से 500 के बीच 'गंभीर' माना जाता है। दिल्ली समेत राजस्थान, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और पंजाब में कड़ाके ठंड पड़ सकती है। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश और बिहार के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छाया रहेगा। जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड में भी कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।
जानिए क्या होता है कोल्ड डे
जब तापमान 10 डिग्री सेल्सियस- से कम हो और अधिकतम तापमान मौसम के सामान्य तापमान से 4.5 से 6.4 डिग्री सेल्सियस तक नीचे गिर जाने की स्थिति को कोल्ड डे कहते हैं। वहीं अधिकतम तापमान 6.5 डिग्री सेल्सियस और इससे अधिक नीचे गिर जाने के बाद सीरियस कोल्ड डे होता है।