लखीमपुर खीरी जिले में टमाटर की खेती किसानों के लिए आय का मजबूत जरिया बनती जा रही है। बड़ी संख्या में किसान इस फसल की ओर रुख कर रहे हैं, क्योंकि कम लागत में बेहतर मुनाफा मिलने की संभावना रहती है। टमाटर की मांग सालभर बनी रहती है, चाहे घरेलू रसोई हो या फिर होटल और रेस्टोरेंट। यही वजह है कि किसानों को अपनी उपज बेचने में ज्यादा दिक्कत नहीं होती। टमाटर की खेती को बढ़ावा देने के लिए उद्यान विभाग भी सक्रिय भूमिका निभा रहा है। विभाग की ओर से किसानों को खेती के आधुनिक तरीकों की जानकारी दी जा रही है और जरूरत के अनुसार बीज भी निशुल्क उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इससे नए किसान भी टमाटर की खेती के लिए प्रेरित हो रहे हैं।
