BYD Yuan Plus 2026: BYD 21 मई को अपनी तीसरी जनरेशन Yuan Plus लॉन्च करने जा रही है। यह एक कॉम्पैक्ट प्योर इलेक्ट्रिक स्पोर्ट यूटिलिटी व्हीकल (SUV) है, जिसे पिछले महीने बीजिंग ऑटो शो 2026 में पेश किया गया था। चीनी ऑटोमोटिव मीडिया आउटलेट यिचे ने मंगलवार को इस योजना की जानकारी दी। हालांकि, BYD ने अभी तक आधिकारिक तौर पर लॉन्च शेड्यूल की घोषणा नहीं की है।
बता दें कि इस EV की लंबाई 4,665mm, चौड़ाई 1,895mm और ऊंचाई 1,675mm है, जबकि व्हीलबेस 2,770mm है। इसका मतलब है कि यह मौजूदा मॉडल की तुलना में ज्यादा बड़ी है और इसमें अंदर बैठने के लिए ज्यादा जगह मिलेगी।
यह नया मॉडल — जिसे पहले ही कई विदेशी बाजारों में Atto 3 नाम से लॉन्च किया जा चुका है — BYD की तकनीकी अपग्रेड का एक अहम हिस्सा होगा। इसमें कंपनी की नई दूसरी पीढ़ी की Blade Battery और नई फ्लैश चार्जिंग टेकनोलॉजी दी गई है।
इन टेक्नोलॉजी की मदद से वाहन लगभग पांच मिनट में 10% से 70% तक चार्ज हो जाता है, जिससे इलेक्ट्रिक वाहन यूजर्स की रेंज और चार्जिंग समय की चिंता दूर हो जाती है।
नई कार में 57.545 किलोवाट-घंटे और 68.547 किलोवाट-घंटे की बैटरी क्षमता के दो विकल्प उपलब्ध हैं, जो चीन लाइट-ड्यूटी व्हीकल टेस्ट साइकिल (CLTC) के अनुसार क्रमशः 540 किलोमीटर और 630 किलोमीटर की इलेक्ट्रिक रेंज प्रदान करते हैं।
तीसरी जनरेशन की Yuan Plus में रियर-माउंटेड सिंगल-मोटर सेटअप दिया गया है, जिसमें दो पावर विकल्प मिलते हैं - 200 kW (268 hp) और 240 kW।
फिलहाल चीन में बिक रही दूसरी जनरेशन Yuan Plus Smart Driving Edition की शुरुआती कीमत 115,800 युआन (लगभग $17,040) है। उम्मीद है कि तीसरी जनरेशन मॉडल की कीमत भी इसी के आसपास और प्रतिस्पर्धी रखी जाएगी।
खास बात यह है कि इस नए EV में छत पर लगा LiDAR सिस्टम है और इसमें BYD का खुद का विकसित "God’s Eye" स्मार्ट ड्राइविंग असिस्टेंस सिस्टम भी होगा।
इसके अलावा, युवा ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए, BYD ने 24 अप्रैल को, बीजिंग ऑटो शो के उद्घाटन के दिन, यह घोषणा की कि वह मशहूर बौद्धिक संपदा "My Little Pony" के साथ संयुक्त रूप से एक एक स्पेशल एडिशन मॉडल लॉन्च करेगी।
Yuan Plus, BYD की वैश्विक विस्तार में एक महत्वपूर्ण मॉडल है और यह पहले से ही दुनिया भर के दर्जनों देशों में बेचा जा रहा है।
तीसरी जनरेशन Yuan Plus के लॉन्च के साथ BYD अपनी स्थिति को और मजबूत करने की तैयारी में है। कंपनी दुनिया की सबसे बड़ी नई ऊर्जा वाहन (NEV) निर्माता बनने की दिशा में आगे बढ़ रही है और विदेशी बाजारों में अपने विस्तार की रफ्तार को भी तेज कर रही है।