Skoda Slavia Facelift: भारतीय बाजार में Skoda Slavia अपनी दमदार डिजाइन, फीचर्स और ड्राइविंग के अनुभव की वजह से मिड-साइज सेडान सेगमेंट में खास पहचान बना चुकी है। अब ऐसे में कंपनी एक बार फिर सेडान कार के तौर पर ऑफर की जाने वाली Skoda Slavia के फेसलिफ्ट वर्जन को लॉन्च कर सकती है। नए मॉडल में डिजाइन से लेकर फीचर्स और टेक्नोलॉजी तक कई बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। अब आइए जानते हैं कि नई Slavia कब लॉन्च होगी और इसमें क्या-क्या नया मिलेगा?
क्या-क्या होंगे बड़े बदलाव?
नई Skoda Slavia Facelift में कंपनी डिजाइन के साथ-साथ फीचर्स के मामले में भी कई बदलाव कर सकती है। सामने की तरफ कार को नया लुक देने के लिए अपडेटेड हेडलाइट्स, नया फ्रंट बंपर और रिवाइज्ड ग्रिल मिल सकती है। इसके अलावा नए डिजाइन के अलॉय व्हील्स और टेल लाइट्स भी देखने को मिल सकती हैं।
केबिन की बात करें तो इसमें अपडेटेड इंफोटेनमेंट सिस्टम, वायरलेस Android Auto और Apple CarPlay के साथ नया डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर दिया जा सकता है। इसके साथ ही यात्रियों के आराम को बढ़ाने के लिए वेंटिलेटेड सीट्स को भी पहले से बेहतर किया जा सकता है।
बाहरी फीचर्स की लिस्ट में भी कुछ नए नाम जुड़ सकते हैं। इनमें अपडेटेड रिवर्स कैमरा, 360-डिग्री कैमरा और ADAS जैसे सेफ्टी फीचर्स शामिल हो सकते हैं। अगर ये बदलाव प्रोडक्शन मॉडल में आते हैं, तो नई Slavia पहले के मुकाबले ज्यादा मॉडर्न और टेक्नोलॉजी से लैस नजर आ सकती है।
स्कोडा की ओर से इस कार के इंजन में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा। इसमें मौजूदा वर्जन की तरह ही एक लीटर की क्षमता और 1.5 लीटर की क्षमता के इंजन के विकल्प को ही दिया जा सकता है। लेकिन इसके ट्रांसमिशन में बदलाव हो सकता है। जिसमें इसे मैनुअल के साथ ही आठ स्पीड ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन का विकल्प मिल सकता है।
निर्माता की तरफ से अभी इसके आने पुष्टि नहीं की गई है। लेकिन उम्मीद जताई जा रही है कि इस सेडान कार के फेसलिफ्ट को भारत में 18 अगस्त को लॉन्च किया जा सकता है।
अब अगर कीमत की बात करें तो इसका खुलासा कार के लॉन्च के बाद ही होगा। तभी इस फेसलिफ्ट के रेट की जानकारी मिल पाएगी। लेकिन उम्मीद है कि इसके मौजूदा वर्जन की कीमत के मुकाबले फेसलिफ्ट वर्जन में कुछ हजार रुपये तक की बढ़ोतरी की जा सकती है।