Union budget : केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण एक फरवरी को आम बजट पेश करेंगी। इस बजट पर मिडिल क्लास से लेकर अपर क्लास तक सभी की निगाहें टिकी हुई हैं। किसे क्या मिलेगा, यह तो बजट से ही पता चलेगा पर केंद्रीय बजट के साथ ही कल रेल बजट भी पेश होगा। कुछ समय पहले तक रेलवे का अलग से बजट आता था लेकिन अब इसे आम बजट के साथ ही पेश किया जाता है। साल 2023 और 2024 में देश ने कुछ बड़े रेल हदसों को देखा है, जिसमें ओडिशा में हुई दुखद रेल दुर्घटना भी शामिल हैं। वहीं बजट 2025 में इंफ्रास्ट्रक्चर और आधुनिकीकरण में निवेश के साथ ही सुरक्षित रेल यात्रा को सुनिश्चित करने पर सरकार का जोर होगा।
बजट में इस बार रेलवे पर खास फोकस हो सकता है। रेलवे यात्रियों की सुरक्षा और आधुनिकीकरण पर ज्यादा फोकस हो सकता है। इस बार के बजट में रेलवे के लिए आवंटन बढ़ सकता है। सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के मुताबिक आगामी बजट में रेलवे के लिए 15-20 फीसदी आवंटन बढ़ सकता है। इसके अलावा 100 नई अमृत भारत ट्रेनें चलाने पर भी फैसला संभव है। 1 फरवरी को आने वाले बजट में 10 से ज्यादा वंदे भारत ट्रेनें चलाने का भी ऐलान किया जा सकता है।
कवच के विस्तार के लिए 12000 करोड़ रुपए का आवंटन संभव
सूत्रों के मुताबिक बजट में यात्रियों की सुरक्षा पर फोकस बढ़ेगा। रेलवे में कवच विस्तार को रफ्तार मिल सकती है। कवच के विस्तार के लिए 12000 करोड़ रुपए का आवंटन संभव है। इस बार के बजट में रेलवे के इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूती देने और यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा बढ़ाने पर ज्यादा फोकस रहने वाला है। यात्रियों की सुरक्षा के लिए रेलवे मंत्रालय कवच 4.0 पर तेजी से काम कर रहा है।
नई वंदे भारत ट्रेनें चलाने का हो सकता है ऐलान
सरकार शताब्दी जैसी शॉर्ट डिस्टेंस ट्रेनों को वंदे भारत से रिप्लेस करने पर फोकस कर रही है। इसी योजना के तहत बजट में नई वंदे भारत ट्रेनें चलाने का ऐलान हो सकता है। पिछली बार रेलवे के लिए 2 लाख 60 हजार करोड़ रुपए का आवंटन किया गया था। लेकिन इस बार ये आवंटन 3 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा का हो सकता है।
कैसी है रेलवे शेयरों की चाल
रेलवे जुड़े शेयरों की बात करें तो TITAGARH RAIL SYSTEMS 31.85 रुपए याना 3.36 फीसदी की बढ़त के साथ 978 रुपए के आसपास दिख रहा है। आज का इसका दिन का हाई 1,007.50 रुपए हैं। वहीं, Texmaco Rail 2.72 फीसदी की बढ़त के साथ 187.50 रुपए पर कारोबार कर रहा है। वहीं, Rail Vikas Nigam 11.70 रुपए यानी 2.74 फीसदी की तेजी के साथ 440 रुपए के आसपास कारोबार कर रहा है। आज का इसका दिन का हाई 444.50 रुपए है।