Budget 2025: सीनियर सिटीजन को बजट 2025 से काफी उम्मीदे हैं। वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण 1 फरवरी 2025 को बजट पेश करेंगी। ये मोदी सरकार के तीसरे टर्म का पहला पूर्ण बजट होगा। ऐसे में सीनियर सिटीजन कोविड से पहले वाली सुविधा को फिर से लागू करने की उम्मीद लगाए बैठे हैं। कोविड-19 महामारी से पहले भारतीय रेलवे सीनियर सिटीजन को ट्रेन टिकट पर 40% से 50% की छूट देता था। यह सुविधा मेल, एक्सप्रेस, राजधानी, शताब्दी और दुरंतो जैसी ट्रेनों पर लागू थी। 60 वर्ष या उससे अधिक उम्र के पुरुषों को 40% और 58 वर्ष या उससे अधिक उम्र की महिलाओं को 50% छूट मिलती थी। लेकिन महामारी के दौरान इस छूट को बंद कर दिया गया और देश में हालात सामान्य होने के बावजूद इसे बहाल नहीं किया गया।
