रेलवे से जुड़ी कंपनियों के अच्छे दिन लौटने वाले हैं। वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण यूनियन बजट 2025 में रेलवे के लिए रिकॉर्ड ऐलोकेशन करने जा रही हैं। सूत्रों के मुताबिक, वह 1 फरवरी को रेलवे के लिए 3 लाख करोड़ रुपये का आवंटन कर सकती हैं। इससे पहले कभी केंद्र सरकार ने रेलवे को इतना ऐलोकेशन नहीं किया है। बताया जा रहा है कि इससे रेलवे स्टॉक्स को पंख लग जाएंगे। 23 जुलाई, 2025 को यूनियन बजट में रेलवे के लिए बड़ा ऐलान नहीं होने से रेलवे स्टॉक्स में बड़ी गिरावट देखने को मिली थी।
FY25 में 2.52 लाख करोड़ रुपये का ऐलान
सरकार ने FY25 में रेलवे के लिए 2.52 लाख करोड़ रुपये का ऐलोकेशन किया था। यह एक साल पहले के रेलवे के ऐलोकेशन से सिर्फ 5 फीसदी ज्यादा था। इस बार ऐलोकेशन 20 फीसदी तक बढ़ने की उम्मीद है। दरअसल, सरकार प्रीमियम ट्रेनों के जरिए रेलवे को हवाई यात्रा का विकल्प बनाना चाहती है। रेलवे बोर्ड के अधिकारियों का मानना है कि प्रीमियम ट्रेनों के जरिए छोटी दूरी के हवाई यात्रियों को आकर्षित किया जा सकता है। वंदे भारत ट्रेनों पर रेलवे का बढ़ता फोकस इसका बड़ा संकेत है।
यात्री सुविधाएं बढ़ाने पर फोकस
सूत्रों का कहना है कि रेलवे का फोकस ट्रेनों की औसत स्पीड बढ़ाने पर है। इसके लिए रेल लाइनों की क्षमता बढ़ाई जा रही है। रेल हादसों को रोकने के लिए कवच सिस्टम को पूरे रेल नेटवर्क पर लागू किया जा रहा है। सिर्फ एलएचबी कोचों का उत्पादन हो रहा है। वजन में हल्के ये कोच काफी आरामदायक हैं। इनके इस्तेमाल से ट्रेनों की स्पीड बढ़ाने में मदद मिली है। करीब सभी सुपरफास्ट ट्रेनों में एलएचबी कोचों का इस्तेमाल हो रहा है। रेलवे यात्रियों की सुविधा के लिए एसी थर्ड इकोनॉमी कोचों की संख्या भी बढ़ा रहा है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि एसी थर्ड इकोनॉमी कोचों से रेलवे को अपनी आमदनी बढ़ाने में मदद मिलेगी, क्यों इन कोचों में सीटों की संख्या ज्यादा है।
एलोकेशन बढ़ने से इन स्टॉक्स को लगेंगे पंख
मार्केट एक्सपर्ट्स का कहना है कि अगर सरकार रेलवे के लिए 3 लाख करोड़ रुपये का ऐलोकेशन यूनियन बजट में करती है तो इससे Rail Vikas Nigama, Titagarh Rail Systems, IRFC, Jupiter Wagons, BEML, Texmaco Rail, IRCTC, Ircon International, CONCOR जैसी कंपनियों के शेयरों में तेजी दिख सकती है। अक्टूबर 2024 से मार्केट में शुरु हुई गिरावट का बड़ा असर इन स्टॉक्स पर देखने को मिला है। ये स्टॉक्स अपने ऑल-टाइम हाई से 35 फीसदी तक टूट चुके हैं। इससे इनकी वैल्यूएशन अट्रैक्टिव लेवल पर आ गई है।
यह भी पढ़ें: Budget 2025: रियल एस्टेट के लिए बड़े ऐलान करेंगी निर्मला सीतारमण, ये 5 स्टॉक्स बन जाएंगे रॉकेट
एलोकेशन बढ़ने की खबर से ये स्टॉक्स उछले
16 जनवरी को रेलवे के लिए आवंटन बढ़ने की खबरों से रेलवे स्टॉक्स में जबर्दस्त तेजी आई। Rail Vikas Nigam का स्टॉक 10.78 फीसदी चढ़कर 412 रुपये पर पहुंच गया। बीते छह महीनों में यह स्टॉक 33 फीसदी गिरा है। इससे इसकी कीमत अट्रैक्टिव लेवल पर आ गई है। Titagarh Rail Systems का स्टॉक 16 जनवरी को 4.26 फीसदी उछला। बीते छह महीनों में यह स्टॉक 38 फीसदी गिरा है। IRFC का शेयर 16 जनवरी को करीब 4 फीसदी उछला। बीते छह महीनों में यह स्टॉक्स 32 फीसदी टूटा है। Jupiter Wagons के शेयरों में 16 जनवरी को 13.52 फीसदी तेजी आई। यह बीते छह महीनों में 27 फीसदी गिरा है।