Budget 2026 Expectations Live: कॉम्प्लेक्स कंप्लायंस से मिले आजादी, शुरू हो सिंगल विंडो पोर्टल
बजट 2026 से पहले भारत के स्टार्टअप और MSME क्षेत्र ने सरकार से नियामक प्रक्रियाओं को सरल और एकीकृत बनाने की गुहार लगाई है। 'मोबिसॉफ्ट इन्फोटेक' के संस्थापक और निदेशक नितिन लाहोटी के अनुसार, भारत में एंटरप्रेन्योरशिप की रफ्तार पूंजी या जुनून की कमी से नहीं, बल्कि एक बिखरी हुई 'कंप्लायंस व्यवस्था' के कारण धीमी होती है। वर्तमान में संस्थापकों को MCA फाइलिंग, GST रिटर्न, RBI रिपोर्टिंग, श्रम कानून और आयकर जैसे कई अलग-अलग और असंबद्ध सिस्टम्स को मैनेज करना पड़ता है, जिससे उनकी ऊर्जा व्यापार बढ़ाने के बजाय कागजी कार्रवाई में खर्च होती है। उन्होंने सुझाव दिया है कि सरकार को एक 'यूनिफाइड डिजिटल पोर्टल' लॉन्च करना चाहिए, जहां सिंगल लॉगिन और एकीकृत अलर्ट के जरिए सभी सरकारी अनुपालनों को पूरा किया जा सके। इससे न केवल 'ईज ऑफ डूइंग बिजनेस' में सुधार होगा, बल्कि उद्यमी अपना पूरा ध्यान नवाचार और रोजगार सृजन पर लगा पाएंगे।