Budget 2026: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने मंगलवार को पारंपरिक हलवा समारोह में हिस्सा लिया। यह समारोह आम बजट 2026-27 की तैयारियों के अंतिम चरण की शुरुआत का संकेत माना जाता है। केंद्रीय बजट 1 फरवरी को लोकसभा में पेश किया जाएगा।
Budget 2026: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने मंगलवार को पारंपरिक हलवा समारोह में हिस्सा लिया। यह समारोह आम बजट 2026-27 की तैयारियों के अंतिम चरण की शुरुआत का संकेत माना जाता है। केंद्रीय बजट 1 फरवरी को लोकसभा में पेश किया जाएगा।
हलवा समारोह रायसीना हिल्स स्थित नॉर्थ ब्लॉक में आयोजित किया गया। नॉर्थ ब्लॉक वित्त मंत्रालय का पुराना और ऐतिहासिक भवन है। हालांकि वित्त मंत्रालय के ज्यादातर विभाग सितंबर 2025 में कर्तव्य भवन-1 स्थित नए केंद्रीय सचिवालय में शिफ्ट हो चुके हैं, लेकिन बजट की छपाई और उससे जुड़ी गोपनीय प्रक्रिया अब भी नॉर्थ ब्लॉक में ही होती है, क्योंकि नए परिसर में फिलहाल छापाखाने की सुविधा नहीं है।
हर साल बजट से पहले यह परंपरागत समारोह आयोजित किया जाता है। इसमें एक बड़ी कढ़ाही में हलवा बनाया जाता है और उसे उन अधिकारियों और कर्मचारियों को परोसा जाता है, जो बजट तैयार करने की प्रक्रिया में सीधे तौर पर शामिल होते हैं। यह समारोह इस बात का संकेत होता है कि बजट से जुड़े बड़े फैसले, आंकड़े और प्रस्ताव अब लगभग तय हो चुके हैं।
सरकारी बयान के मुताबिक, हलवा समारोह के तुरंत बाद बजट से जुड़े अधिकारी और कर्मचारी ‘लॉक-इन पीरियड’ में चले जाते हैं। इस दौरान वे पूरी तरह बाहरी दुनिया से कट जाते हैं। ये अधिकारी नॉर्थ ब्लॉक के बेसमेंट में ही रहते हैं और संसद में बजट पेश होने तक बाहर नहीं जाते। इस दौरान मोबाइल फोन, इंटरनेट और किसी भी तरह के संपर्क की अनुमति नहीं होती, ताकि बजट से जुड़ी कोई भी जानकारी बाहर लीक न हो सके।
समारोह के दौरान वित्त मंत्री ने बजट प्रेस का भी दौरा किया और तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने बजट तैयार करने वाली पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी, वित्त मंत्रालय के सभी विभागों के सचिव और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
पिछले कुछ सालों की तरह इस बार भी केंद्रीय बजट पूरी तरह डिजिटल होगा। बजट से जुड़े सभी दस्तावेज, जैसे वार्षिक वित्तीय विवरण, अनुदान मांगें और वित्त विधेयक, ‘केंद्रीय बजट मोबाइल ऐप’ पर उपलब्ध कराए जाएंगे।
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।