वित्त मंत्रालय ने नए यूनियन बजट की तैयारी शुरू कर दी है। फाइनेंस मिनिस्ट्री के अधिकारी इकोनॉमिस्ट्स सहित इकोनॉमी से जुड़े पक्षों की राय जानने की कोशिश कर रहे हैं। इंडस्ट्री से जुड़े कुछ चैंबर्स ने बजट को लेकर अपनी राय सरकार को बताई हैं। इस बीच एक बड़ा सवाल यह है कि क्या इस बार यूनियन बजट रविवार को पेश होगा?
आम तौर पर 1 फरवरी को पेश होता है यूनियन बजट
आम तौर पर Union Budget 1 फरवरी को पेश होता है। इस बार यानी साल 2026 में 1 फरवरी को रविवार है। रविवार को सरकार के सभी ऑफिसेज में छुट्टी होती है। संसद की कार्यवाही भी रविवार को नहीं होती है। वित्तमंत्री यूनियन बजट संसद में पेश करता है। परंपरा के हिसाब से अगर वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण यूनियन बजट 2026 अगले साल 1 फरवरी को पेश करती है तो उन्हें रविवार को बजट पेश करना होगा।
सरकार ने अब तक कोई औपचारिक ऐलान नहीं किया
अगले साल गुरु रविदास जयंती भी 1 फरवरी को है। केंद्र सरकार के आधिकारिक नोटिफिकेशन के मुताबिक, 1 फरवरी, 2026 रेस्ट्रिक्टेड हॉलीडे है। अब तक सरकार ने यूनियन बजट 2026 पेश करने की तारीख के बारे में कोई ऐलान नहीं किया है। आम तौर पर संसदीय मामलों से जुड़ी कैबिनेट कमेटी (CCPA) बजट शिड्यूल तय करती है। वह इकोनॉमिक सर्वे और बजट पेश होने की तारीख का ऐलान करती है।
सीसीपीए की बैठक के बाद हो सकता है तारीख का ऐलान
बजट सत्र की शुरुआत से करीब 4-5 हफ्ते पहले सीसीपीए की बैठक होती है। इसका मतलह है कि यूनियन बजट 2026 पेश होने की तारीख का औपचारिक ऐलान जनवरी के पहले हफ्ते में हो सकता है। हालांकि, 1 फरवरी रविवार को है, जिससे वित्त मंत्रालय या संसदीय मामलों का मंत्रालय जल्द इस बारे में स्थिति स्पष्ट कर सकता है कि यूनियन बजट 2026 अगले साल 1 फरवरी को पेश होगा या इसकी तारीख बदलेगी।
पहले भी शनिवार-रविवार को पेश हो चुका है बजट
ऐसा पहली बार नहीं है पारंपरिक रूप से जब पेश होने की तारीख रविवार को पड़ रही है। पहले भी ऐसा हो चुका है। लेकिन, शायद ही कभी बजट पेश होने की तारीख में बदलाव हुआ है। उदाहरण के लिए 28 फरवरी, 2025 को शनिवार था। लेकिन, उस दिन तत्कालीन वित्तमंत्री अरुण जेटली ने यूनियन बजट पेश किया था। 2016 में भी उन्होंने शनिवार को बजट पेश किया था। तब बजट फरवरी की आखिरी तारीख को पेश होता था।
बजट से एक दिन पहले पेश होता है आर्थिक सर्वे
रविवार को भी यूनियन बजट पेश हो चुका है। 28 फरवरी, 1999 को रविवार था। तब तत्कालीन वित्तमंत्री यशवंत सिन्हा ने रविवार के दिन बजट पेश किया था। तब यूनियन बजट पेश होने का समय शाम 5 बजे से बदलकर दिन के 11 बजे कर दिया गया था। बजट से ठीक एक दिन पहले आर्थिक सर्वे पेश होता है। अगर इस बार भी बजट से एक दिन पहले आर्थिक सर्वे सरकार पेश करती है तो इसका मतलब है कि इसे शनिवार को पेश किया जाएगा।