सरकार यूनियन बजट 2025 में रेलवे के लिए बड़ा ऐलान करने जा रही है। वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण 1 फरवरी को रेलवे के लिए 3,00,000 करोड़ रुपये का ऐलोकेशन कर सकती है। यह पिछले साल के बजट ऐलोकेशन से करीब 10 फीसदी ज्यादा है। पिछले साल वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने रेलवे के लिए 2.65 लाख करोड़ रुपये का आवंटन किया था। सरकार से जुड़े दो सूत्रों ने बताया कि इस बार बजट में रोड से ज्यादा रेलवे पर सरकार का फोकस दिख सकता है।
3 लाख करोड़ का आवंटन हो सकता है
सूत्र ने बताया कि सरकार रेलवे के लिए यूनियन बजट (Budget Allocation for Railways) में 2.9-3 लाख करोड़ रुपये का आवंटन कर सकती है। इस पैसे का इस्तेमाल नई रेल लाइन बिछाने और वंदे भारत ट्रेनों की संख्या बढ़ाने पर होगा। सरकार ने मार्च 2027 तक 68,000 किलोमीटर रेलवे ट्रैक बढ़ाने और 400 वंदे भारत ट्रेनें चलाने का टारगेट तय किया है। इसके लिए सरकार को बजट में रेलवे का आवंटन बढ़ाना होगा। सूत्र ने बताया कि रेलवे पर ज्यादा फोकस की वजह से हाइवेज के लिए आवंटन में मामूली वृद्धि देखने को मिल सकती है।
रेलवे स्टॉक्स की चमक बढ़ेगी
मार्केट एक्सपर्ट्स का कहना है कि अगर सरकार यूनियन बजट में रेलवे के लिए 3 लाख करोड़ रुपये का आवंटन करती है तो इससे रेलवे से जुड़ी कंपनियों के शेयरों में तेजी आ सकती है। चॉइस ब्रोकिंग के रिसर्च एनालिस्ट मंदेर भोजाने ने कहा कि पिछले पांच सालों में रेलवे के लिए आवंटन लगतार बढ़ा है। लेकिन, प्रोजेक्ट पूरे करने में सुस्ती दिखी है। सरकार ने पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) के तहत मेक इन इंडिया पर फोकस बढ़ाया है। इससे रेलवे से जुड़ी कंपनियों को फायदा होने की उम्मीद है।
हाई-स्पीड टेस्टिंग इंफ्रा पर खर्च होंगे 820 करोड़
सरकार फिलहाल अतिरिक्त 90 वंदे भारत ट्रेनों के लिए कोच और इंजन हासिल करने पर फोकस कर रही है। सरकार ने हाई-स्पीड रेल टेस्टिंग इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी निवेश बढ़ाया है। उदाहरण के लिए राजस्थान में 820 करोड़े रुपये के खर्च से हाई-स्पीड रेल टेस्टिंग इंफ्रास्ट्रक्चर पर काम चल रहा है। सरकार ने माल ढुलाई में रेलवे की हिस्सेदारी बढ़ाने का टारगेट तय किया है। इसके लिए नए वैगन पर 20,000-25,000 करोड़ खर्च होने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें: India Budget 2025: ग्रामीण भारत पर होगा सरकार का फोकस, रूरल इकोनॉमी से जुड़े शेयरों में आएगी तेजी
इन शेयरों में आ सकती है तेजी
1 फरवरी को बजट पेश होने के बाद रेलवे से जुड़े स्टॉक्स में अच्छी तेजी देखने को मिल सकती है। इनमें Jupiter Wagons, Titagarh Rail Systems, Rail Vikas Nigam, Ramkrishna Frogings, Oriental Rail Infrastructure के शेयरों में तेजी देखने को मिल सकती है। Jupiter Wagons का स्टॉस 21 जनवरी को 4.17 फीसदी गिरकर 482 रुपये पर बंद हुआ। यह स्टॉक बीते एक साल में 21 फीसदी चढ़ा है। Titagarh Rail Systems का शेयर 3.5 फीसदी गिरकर 1050 रुपये पर आ गया। इस स्टॉक ने बीते एक साल में करीब 3 फीसदी निगेटिव रिटर्न दिया है।