Economic Survey 2025: अगले वित्त वर्ष 2026 का बजट पेश होने में अब बस कुछ ही दिन बचे हैं और इससे पहले देश की आर्थिक सेहत को बताने वाला इकनॉमिक सर्वे पेश होगा। अगले वित्त वर्ष 2026 का बजट 1 फरवरी को पेश होगा और इसके एक दिन पहले यानी 31 जनवरी को चीफ इकनॉमिक एडवाइजर वी अनंत नागेश्वरन के बनाए हुए इकनॉमिक सर्वे को केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण (Nirmala Sitharaman) पेश करेंगी। इकनॉमिक सर्वे इकनॉमी का रिपोर्ट कार्ड है और इसे सरकार और इसकी राजकोषीय प्राथमिकताओं के रोडमैप के तौर पर देखा जाता है। इससे यह समझ सकते हैं कि इकनॉमिक सर्वे कितना अहम है तो इसके बारे में डिटेल्स से यहां दिया जा रहा है।
इकनॉमिक सर्वे को फाइनेंस मिनिस्ट्री के तहत आने वाला डिपार्टमेंट ऑफ इकनॉमिक अफेयर्स तैयार करता है। इसमें देश की अर्थव्यवस्था से जुड़ी डिटेल्स और डेटा होते हैं। इसके अलावा कल्याणकारी योजनाओं इत्यादि के बारे में भी जानकारी होती है। इसे मुख्य आर्थिक सलाहकार (सीईओ) तैयार करते हैं और बजट पेश होने के एक दिन पहले पेश किया जाता है। इकनॉमिक सर्वे में अर्थव्यवस्था के लिए शॉर्ट से मीडियम टर्म के आउटलुक की डिटेल्स रहती है। इसमें जीडीपी ग्रोथ, बजट घाटे, रोजगार और महंगाई इत्यादि से जुड़े अहम आंकड़े रहते हैं।
इस बार कब पेश होगा इकनॉमिक सर्वे?
बजट सत्र 31 जनवरी से शुरू होने वाला है। यह सुबह 11 बजे शुरू होगा। बजट सत्र के पहले दिन दोनों सदनों यानी कि लोकसभा और राज्यसभा के संयुक्त सत्र यानी ज्वाइंट सेशन को राष्ट्रपति के संबोधन के बाद इकनॉमिक सर्वे को वित्त मंत्री पेश करेंगी।
कब, कहां और कैसे देखें इकॉनमिक सर्वे?
सभी प्रमुख सोशल मीडिया हैंडल्स और चैनल्स इकनॉमिक सर्वे से जुड़ी लाइव अपडेट्स देते रहेंगे। इसे मनीकंट्रोल के साथ-साथ सरकार के प्रमुख हैंडल्स पर भी देख सकेंगे। संसद टीवी और पीआईबी इंडिया इसकी लाइव स्ट्रीमिंग करेगी। फाइनेंस मिनिस्ट्री के ऑफिशियल फेसबुक पेज और ट्विटर हैंडल (@FinMinIndi) पर इसके लाइव अपडेट्स देख सकेंगे।