Budget 2025: वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण यूनियन बजट में रेलवे के लिए बड़े ऐलान करने वाली हैं। उनका फोकस हाई स्पीड रेल प्रोजेक्ट्स पर होगा। अमृत भारत स्कीम के तहत रेलवे स्टेशनों की सूरत बदलने पर भी सरकार का फोकस होगा। वित्तमंत्री कई रूटों पर वंदे भारत ट्रेनों का ऐलान कर सकती हैं। पिछले सालों में सरकार ने रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर को बेहतर बनाने पर जोर दिया था। इस बार सरकार का ज्यादा जोर पैसेंजर्स सर्विसेज को बेहतर बनाने पर होगा।
पिछले साल 2.62 लाख करोड़ का आवंटन
पिछले साल सरकार ने यूनियन बजट (Union Budget) में रेलवे के लिए 2.62 लाख करोड़ रुपये का ऐलोकेशन किया था। अनुमान है कि सरकार 1 फरवरी को रेलवे के लिए ऐलोकेशन 15-18 फीसदी तक बढ़ा सकती हैं। इससे रेलवे का कुल ऐलोकेशन 3 लाख करोड़ रुपये को पार कर जाएगा। इसका बड़ा हिस्सा रेलवे को आधुनिक बनाने पर खर्च होगा। सरकार ज्यादा स्पीड वाले ट्रेनों की संख्या बढ़ाना चाहती है। इससे यात्रा में कम समय लगेगा।
डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर पूरा करने पर फोकस
कंसल्टेंसी फर्म केपीएमजी इंडिया में पार्टनर निलांचल मिश्रा ने कहा कि यूनियन बजट 2025 में सरकार का फोकस इंडियन रेलवे की सूरत बदलने पर होगा। सरकार रेलवे को न सिर्फ कनेक्टिविटी बल्कि इकोनॉमिक ग्रोथ के ड्राइवर के रूप में देख रही है। डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर पूरा हो जाने के बाद रेलवे की माल ढुलाई की क्षमता बढ़ जाएगी। इसका सबसे ज्यादा असर रेलवे की वित्तीय सेहत पर पड़ेगा। रेलवे की कमाई बढ़ेगी। इससे रेलवे अपने संसाधनों का इस्तेमाल डेवलपमेंट प्रोजेक्ट के लिए कर सकेगा। अभी रेलवे को डेवलपमेंट प्रोजेक्ट के लिए सरकार से बजट में होने वाले एलोकेशन पर निर्भर करना पड़ता है।
कवच सिस्टम लागू होने से हादसों में कमी आएगी
एक्सपर्ट्स का कहना है कि रेलवे ने पूरे नेटवर्क पर कवच सिस्टम को जल्द लागू करने पर फोकस बढ़ाया है। इसके पूरी तरह से लागू हो जाने के बाद एक्सिडेंट्स में कमी आएगी। एक्सिडेंट्स का काफी निगेटिव असर रेलवे पर पड़ता है। इससे डेवलपमेंट प्रोजेक्ट्स पर रेलवे का फोकस कम हो जाता है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि ऑपरेशन में वंदे भारत जैसी हाई स्पीड ट्रेनों की संख्या बढ़ने से पैसेंजर एक्सपीरियंस बेहतर होगा।
यह भी पढ़ें: Budget 2025: इनकम टैक्स की ओल्ड रीजीम और न्यू रीजीम के स्लैब्स को ठीक तरह से समझ लें, फिर करें फैसला
ट्रेनों में मिलेंगी हवाई जहाज जैसी सुविधाएं
रेलवे छोटी दूरी की यात्रा के लिए यात्रियों को हवाई जहाज जैसी सुविधाएं देना चाहती है। रेलवे का मानना है कि अगर वह हवाई यात्रा करने वाले प्रीमियम ट्रैवलर्स को अट्रैक्ट करने में सफल रहती है तो इससे उसकी इनकम बढ़ेगी। पैसेंजर्स एक्सपीरियंस बढ़ाने के लिए वंदे भारत स्लीपर कोचों को कई आधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है।