Bihar Board 10th Exam 2026: बिहार बोर्ड की मैट्रिक (10वीं) की परीक्षा देने जा रहे छात्रों के लिए बोर्ड ने कई सख्त नियमों की घोषणा की है। परीक्षार्थियों द्वारा इन नियमों की अनदेखी करना बहुत भारी पड़ सकता है। इससे न सिर्फ उनका पूरा एक साल बर्बाद हो सकता है बल्कि उनके खिलाफ क्रिमिनल केस भी दर्ज किया जा सकता है। छात्रों को परीक्षा में जाते समय अपना प्रवेश पत्र के साथ आधार कार्ड ले जाना भी अनिवार्य होगा। इसके अलावा बोर्ड ने छात्रों के पहनाव पर भी सख्त हिदायत दी है।
जूता-मोजा पहनने पर परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं
बिहार बोर्ड मैट्रिक परीक्षा 17 से 25 फरवरी के बीच दो पालियों में आयोजित की जाएगी। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने इस संबंध में जिलों को निर्देश दिया है। समिति ने कहा कि परीक्षा भवन में जूता-मोजा पहने हुए परीक्षार्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। जूते-मोजे की जगह चप्पल पहनकर ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश करना होगा। जूता-मोजा पहनकर आना मना है। इस साल बिहार बोर्ड मैट्रिक परीक्षा में 15 लाख 12 हजार 963 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
दीवार फांदने कोशिश की तो क्रिमिनल ट्रेसपासिंग का केस होगा दर्ज
मैट्रिक परीक्षा में देरी से पहुंचने वाले परीक्षार्थी अगर दीवार फांद कर या अवैध तरीके से प्रवेश करेंगे, तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऐसे परीक्षार्थी दो वर्ष तक परीक्षा से निष्कासित किए जाएंगे। उसे समिति के निर्देशों का उल्लंघन करने और क्रिमिनल ट्रेसपास की श्रेणी में रखा जायेगा। परीक्षा केंद्र में जबरदस्ती प्रवेश करने की कोशिश को सीधे तौर से शुचिता को प्रभावित करने का प्रयास और आपराधिक कृत भी समझा जायेगा। बोर्ड ने कहा कि संबंधित परीक्षार्थी के खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज की जाएगी। कोई भी केंद्र प्रमुख अगर ऐसे परीक्षार्थियों को परीक्षा में बैठने की अनुमति देते हैं तो उनके खिलाफ भी निलंबन की कार्रवाई की जाएगी।
बिहार बोर्ड की मेट्रिक परीक्षा में भी परीक्षा शुरू होने से आधे घंटे पहले प्रवेश द्वार बंद कर दिया जायेगा। इसलिए छात्रों को किसी भी परेशानी से बचने के लिए दोनों पाली की परीक्षा शुरू होने से एक घंटे पहले केंद्र में प्रवेश करना होगा। परीक्षा समय से आधा घंटे पहले एग्जाम सेंटर का गेट बंद कर दिया जाएगा।
एक घंटा पहले पहुंच जाएं परीक्षा केंद्र
17 फरवरी से शुरू होने वाले बिहार बोर्ड की मैट्रिक वार्षिक परीक्षा की पहली शिफ्ट 9:30 बजे से शुरू होगी, जबकि दूसरी पाली की परीक्षा 2.00 बजे से शुरू होगी। इससे 30 मिनट पहले परीक्षा केंद्र का गेट बंद कर दिया जाएगा। समिति ने स्पष्ट किया है कि कहा कि परीक्षा प्रारंभ होने के लिए प्रथम पाली में निर्धारित समय 9:30 बजे से एक घंटा पहले 8:30 बजे से और दूसरी पाली में 02.00 बजे से एक घंटा पहले 01.00 बजे से केंद्र पर प्रवेश शुरू हो जायेगा।