CBSE Exam Datesheets 2026: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) अगले साल 17 फरवरी से कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं आयोजित करेगा। बोर्ड ने महत्वपूर्ण परीक्षाओं के लिए एक अस्थायी डेटशीट जारी की है। यह पहली बार है कि कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षाएं एक शैक्षणिक सत्र में दो बार आयोजित की जाएंगी। इस शेड्यूल के मुताबिक, 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा 17 फरवरी 2026 से शुरू होकर 4 अप्रैल 2026 तक चलेंगी। कक्षा 10वीं परीक्षा का पहला फेज 17 फरवरी से 6 मार्च, 2026 तक आयोजित किया जाएगा। जबकि दूसरा फेज 15 मई से 1 जून तक आयोजित किया जाएगा।
इसके अलावा कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं 17 फरवरी से 9 अप्रैल, 2026 तक आयोजित की जाएंगी। गाइडलाइंस के अनुसार, आंसर शीट का मूल्यांकन प्रत्येक विषय की परीक्षा के लगभग 10 दिन बाद शुरू होगा। वह 12 दिनों के भीतर पूरा हो जाएगा। उदाहरण के लिए, यदि कक्षा 12वीं की भौतिकी की परीक्षा 20 फरवरी, 2026 को निर्धारित है, तो मूल्यांकन3 मार्च, 2026 को शुरू होने और 15 मार्च, 2026 तक समाप्त होने की संभावना है।
आपको बता दें कि यह केवल एक टेंटेटिव डेटशीट है। इसलिए छात्रों को आधिकारिक वेबसाइट cbse.nic.in पर कुछ समय बाद जारी की जाने वाली फाइनल डेटशीट का इंतजार करना चाहिए।परीक्षाएं 17 फरवरी को सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक आयोजित की जाएंगी। कक्षा 10वीं की परीक्षाएं भाषा और संगीत की परीक्षा के साथ समाप्त होंगी।
कक्षा 12वीं या सीनियर स्कूल की परीक्षाएं 17 फरवरी को सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक बायोटेक्नोलॉजी, Entrepreneurship और शॉर्टहैंड (अंग्रेजी और हिंदी) से शुरू होंगी। जबकि संस्कृत, डेटा साइंस और मल्टीमीडिया के साथ समाप्त होंगी।
आधिकारिक नोटिफिकेशन में कहा गया है, "2026 में भारत और विदेशों के 26 देशों से कक्षा 10वीं और 12वीं के 204 विषयों में लगभग 45 लाख उम्मीदवारों के शामिल होने की उम्मीद है।" इसमें आगे कहा गया है कि वर्तमान डेटशीट अस्थायी है। स्कूलों द्वारा उम्मीदवारों की आखिरी लिस्ट जमा करने के बाद फाइनल डेटशीट की घोषणा की जाएगी।
सीबीएसई कक्षा 10वीं और 12वीं के 2025 के परिणाम 13 मई को घोषित किए गए थे। कक्षा 12वीं के परिणामों में कुल पासिंग प्रतिशत 88.39 रही। इसमें लड़कियों की पासिंग दर 91.25% रही, जबकि 85.31 प्रतिशत लड़के पास हुए। वहीं, 10वीं कक्षा में कुल पासिंग प्रतिशत 93.66% रहा। इसमें लड़कियों ने 95 प्रतिशत अंक प्राप्त करके लड़कों से बेहतर प्रदर्शन किया। जबकि लड़कों का पासिंग प्रतिशत 92.63 प्रतिशत रहा।