CBSE Portal Hacked: 12वीं कक्षा के छात्रों की बोर्ड परीक्षा की कॉपियों के मूल्यांकन के लिए इस साल अपनाई गई ऑन स्क्रीन मार्किंग (OSM) व्यवस्था सीबीएसई बोर्ड के गले की हड्डी बन गई है। हाल ही में सोशल मीडिया पर केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) के ओएसएम पोर्टल के हैक होने का दावा किया गया। इस दावे के अनुसार बोर्ड का cbse.onmarks.co.in यूआरएल हैक हुआ है। इस मामले पर तुरंत एक्शन लेते हुए सीबीएसई बोर्ड ने पोर्टल हैक होने की खबरों को पूरी तरह भ्रामक और गलत बताया है।
टेस्टिंग और आंतरिक समीक्षा के लिए था पोर्टल
बोर्ड ने इस खबर को पूरी तरह से खारिज करते हुए आधिकारिक स्पष्टिकरण जारी किया है। बोर्ड ने स्पष्ट किया कि जिस यूआरएल का सोशल मीडिया पोस्ट्स में उल्लेख किया जा रहा है, वह केवल टेस्टिंग और आंतरिक समीक्षा के लिए इस्तेमाल होने वाली वेबसाइट थी। इसका उपयोग वास्तविक उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन या छात्रों के अंकों से जुड़े किसी आधिकारिक कार्य में नहीं किया जाता। इसके बाद से सोशल मीडिया पर चल रही सीबीएसई पोर्टल हैक होने की खबरों पर विराम लग गया है।
बोर्ड के वास्तविक पोर्टल में नहीं हुई कोई सेंधमारी
बोर्ड ने अपने आधिकारिक बयान में स्पष्ट किया कि ये टेस्टिंग पोर्टल पर न तो छात्र के असल अंक डाले जाते हैं, न आंसर शीट का डेटा या मूल्यांकन से संबंधित जानकारियां साझा की जाती हैं। बोर्ड ने कहा कि मूल्यांकन और कॉपियों की चेकिंग के लिए जिस डिजिटल प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल किया जाता है, वह पूरी तरह सुरक्षित है। उसमें किसी तरह की सेंधमारी, डाटा लीक या तकनीकी खामी का पता नहीं चला है।
सोशल मीडिया पर एक यूजर ने 26 फरवरी 2026 को सीबीएसई के ऑन स्क्रीन मार्किंग (OSM) पोर्टल को हैक करने का दावा करते हुए पोस्ट शेयर किया था। यूजर ने यह सनसनीखेज दावा किया था कि उसने, http://cbse.onmarks.co.in यूआरएल (URL) वाले पोर्टल को हैक कर लिया है। इस सोशल मीडिया पोस्ट के आने के साथ ही बोर्ड परीक्षाओं में शामिल हुए लाखों छात्रों और उनके अभिभावकों के बीच हड़कंप मच गया था।
अफवाहों पर यकीन ना करने की सलाह
बोर्ड के अनुसार सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही जानकारी भ्रामक है और इसे मुख्य मूल्यांकन प्रणाली से जोड़कर पेश किया जा रहा है, जबकि वास्तविकता इससे अलग है। सीबीएसई ने कहा कि छात्रों और अभिभावकों को अफवाहों पर ध्यान देने के बजाय केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करना चाहिए।
सीबीएसई बोर्ड ने ओएसएम पर एक बार फिर भरोसा जताते हुए कहा कि छात्रों के परीक्षा परिणाम पूरी तरह सुरक्षित हैं। मूल्यांकन प्रक्रिया में मजबूत साइबर सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। ओएसएम व्यवस्था मूल्यांकन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, तेज और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से लागू की गई है। बोर्ड ने कहा कि परीक्षा प्रणाली की गोपनीयता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए नियमित तकनीकी निगरानी और सुरक्षा ऑडिट भी किए जाते हैं। इसलिए किसी तरह की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।