JEE Advanced 2026: अब लीक हुआ जेईई एडवांस्‍ड के 1.79 लाख उम्‍मीदवारों का डाटा, जानें आईआईटी ने क्‍यों 16 साल के छात्र को कहा थैंक्‍यू

JEE Advanced 2026: सीबीएसई बोर्ड के ऑन मार्क पोर्टल में सेंधमारी की घटनाओं के बाद अब जेईई एडवांस्‍ड के 1.79 छात्रों का डाटा लीक होने की जानकारी मिल रही है। इस कारनामे को अंजाम देने वाला एक 16 वर्षीय छात्र है, जिससे आईआईटी रुड़की ने थैंक्‍यू कहा है

अपडेटेड Jun 03, 2026 पर 5:21 PM
जेईई एडवांस्‍ड के उम्‍मीदवारों के डाटा लीक की खबरों ने पूरे देश को हैरत में डाल दिया है।

JEE Advanced 2026: साल 2026 को देश की शिक्षा व्‍यवस्‍था में आए बड़े तूफानों के लिए जरूर याद किया जाएगा। नीट यूजी पेपर लीक, सीबीएसई बोर्ड के ओएसएम पोर्टल की तकनीकी गड़‍बिड़‍ियों और साइबर अटैक की खबरों के बीच अब जेईई एडवांस्‍ड के उम्‍मीदवारों के डाटा लीक की खबरों ने पूरे देश को हैरत में डाल दिया है। यह एक ऐसी खबर है, जिसने न सिर्फ देश की शिक्षा व्‍यवस्‍था को कटघरे में खड़ा किया है, बल्कि उसकी व‍िश्‍वसनीयता पर भी सवालिया निशान लगा द‍िया है। हालांकि, जेईई एडवांस्‍ड 2026 के डाटा लीक मामले में एक जबरदस्‍त ट्विस्‍ट है, जिसके लिए इस परीक्षा के आयोजनकर्ता आईआईटी रुड़की ने हैकर को धन्‍यवाद दिया है।

सोशल मीडिया प्‍लेटफॉर्म एक्‍स पर मंगलवार, 2 जून को जेईई एडवांस्ड 2026 के कैंडिडेट्स का डेटा लीक करने का दावा किया गया था। इसे बाद में आईआईटी रुड़की ने स्वीकार किया। संस्‍थान ने कहा कि जेईई एडवांस्ड रिजल्ट के पोर्टल से कैंडिडेट्स के रिकॉर्ड और एडमिट कार्ड जैसे दस्तावेज लीक हुए हैं। यह समस्या क्लाउड स्टोरेज कॉन्फि‍गरेशन से संबंधित थी और इसे ठीक करने के लिए तत्काल कदम उठाए जा रहे हैं। एक्स यूजर ने दावा किया कि जेईई एडवांस्ड 2026 सिस्टम से जुड़ा एक सार्वजनिक क्लाउड स्टोरेज बिना किसी ऑथेंटिकेशन के एक्सेस किया जा सकता था। पोस्ट के अनुसार, उस स्टोरेज में लगभग 1,79,600 रिज़ल्ट रिकॉर्ड और करीब 1,87,300 एडमिट कार्ड पीडीएफ फाइलें मौजूद थीं।

आईआईटी की चूक उजागर करने वाला 16 साल का छात्र


आईआईटी की इस चूक को 16 साल के एक सायबर सिक्योरिटी रिसर्चर ने पकड़ा। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर Rylen Anil (@DarthKermy72747) ने दावा किया कि जेईई एडवांस्ड 2026 के उम्मीदवारों के नतीजों से जुड़े इंफ्रास्ट्रक्चर में पब्लिक क्लाउड स्टोरेज की सेटिंग में गड़बड़ी थी, जिसकी वजह से बिना किसी ऑथेंटिथें केशन के बड़ी तादाद में उम्मीदवारों का डेटा सबके सामने आ गया था।

आईआईटी रुड़की ने गलती मान कहा थैंक्‍यू

गलती की पुष्टि और प्रोब्लम पकड़ में आने के बाद आईआईटी रुड़की ने एक्स पर लिखा, 'क्लाउड स्टोरेज डिवाइस में सेटिंग से जुड़ी समस्या की ओर ध्यान दिलाने के लिए @DarthKermy72747 आपका धन्यवाद। इस समस्या को प्राथमिकता के आधार पर ठीक किया जा रहा है। जो डेटा स्टोर था, वह केवल पढ़ने (read only) के लिए था, इसलिए उसमें किसी भी तरह के बदलाव की कोई गुंजाइश नहीं थी। हम आपके जिम्मेदार और नैतिक व्यवहार की सराहना करते हैं।'

छात्र ने जताई खुशी

समस्या ठीक होने के बाद, उस छात्र ने भी जवाब दिया- 'समस्या को स्वीकार करने और उसे इतनी तेजी से ठीक करने के लिए आपका धन्यवाद। मुझे खुशी है कि मैं सिक्योरिटी को बेहतर बनाने में अपना योगदान दे सका और टीम के जवाब की सराहना करता हूं। मैं आगे भी जिम्मेदार सिक्योरिटी रिसर्च में अपना सहयोग देता रहूंगा।'

CBSE Re-evaluation 2026: री-इवैल्‍युएशन पोर्टल पर मिल चुके हैं 43000 से ज्‍यादा आवेदन, फीस जमा करने के लिए बोर्ड ने 4 नए बैंक जोड़े

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।