NITTT 2026 Exam Schedule: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने नेशनल इनिशिएटिव फॉर टेक्निकल टीचर्स ट्रेनिंग (NITTT) अप्रैल-मई 2026 सेमेस्टर की परीक्षा का एग्जाम शेड्यूल जारी कर दिया है। परीक्ष में शामिल उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट पर परीक्षा शेड्यूल का ब्योरा देख सकते हैं और अपना एडमिट कार्ड डाउनलोट कर सकते हैं। एनआईटीटीटी की ऑनलाइन रिमोट प्रॉक्टर्ड परीक्षा 31 जुलाई, 1 अगस्त, 7 अगस्त और 8 अगस्त, 2026 को होगा।
एनटीए द्वारा जारी आधिकारिक परीक्षा कार्यक्रम के मुताबिक, एनआईटीटीटी की परीक्षा हर दिन दो शिफ्ट में आयोजित की जाएगी। पहली शिफ्ट की परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगी, जबकि दूसरी शिफ्ट की परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे के बीच होगी। आधिकारिक नोटिफिकेशन के मुताबिक, एनआईटीटीटी प्रोग्राम ऑल इंडिया काउंसिल फॉर टेक्निकल एजुकेशन (AICTE) से मान्यता प्राप्त संस्थानों में नए शामिल हुए शिक्षकों को सेवा में रहते हुए प्रशिक्षण देने और उनके शिक्षण कौशल को मजबूत करने के लिए बनाया गया है।
ट्रेनिंग में असाइनमेंट के जरिए लगातार आकलन और एक फाइनल इंटरनेट-बेस्ड रिमोट प्रॉक्टर्ड एग्जाम शामिल है। टीचरों को प्रोबेशन कन्फर्मेशन और भविष्य में पदोन्नति के लिए पात्र बनने के लिए तीन साल के अंदर प्रोग्राम के सभी चरण पूरे करने होंगे।
एनआईटीटीटी 2026 एडमिट कार्ड
एनआईटीटीटी अप्रैल-मई 2026 सेमेस्टर परीक्षा में शामिल होने वाले परीक्षार्थी आधिकारिक वेबसाइट nittt.nta.ac.in से अपने एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। हॉल टिकट देखने के लिए, कैंडिडेट को अपनी पंजीकरण संख्या और जन्मतिथि का इस्तेमाल करके लॉग इन करना होगा। कैंडिडेट को सलाह दी जाती है कि वे एडमिट कार्ड पर दिए गए सभी इंस्ट्रक्शन को ध्यान से पढ़ें और परीक्षा के दौरान किसी भी तरह की दिक्कत से बचने के लिए रिमोट प्रॉक्टरिंग गाइडलाइन को मानें।
एनआईटीटीटी 2026 परीक्षा के दिन के निर्देश
एग्जाम में शामिल होने जा रहे कैंडिडेट को कुछ बातें ध्यान में रखनी चाहिए। परीक्षा के दौरान एनआईटीटीटी 2026 एडमिट कार्ड और एक वैलिड फोटो आइडेंटिटी प्रूफ लेकर जाना होगा। इन डॉक्यूमेंट्स के बिना कैंडिडेट को टेस्ट देने की इजाज़त नहीं दी जाएगी। एग्जाम के दौरान ट्रांसपेरेंट पानी की बोतल लाने की इजाजत है। पूरे टेस्ट के दौरान ह्यूमन प्रॉक्टर एग्जाम की लाइव मॉनिटरिंग करेंगे।
कोई संदिग्ध गतिविधि दिखने पर प्रॉक्टर चैट विंडो के जरिए कैंडिडेट से अपने लैपटॉप या वेबकैम को घुमाकर अपने आस-पास की चीजें दिखाने के लिए कह सकते हैं। कैंडिडेट को रेगुलर चैट विंडो चेक करनी चाहिए और प्रॉक्टर के दिए गए सभी इंस्ट्रक्शन को मानना चाहिए। अगर कोई संदिग्ध व्यवहार दिखता है, तो स्क्रीन पर वॉर्निंग मैसेज दिख सकते हैं। बार-बार चेतावनी देने के बाद भी इंस्ट्रक्शन को न मानने पर परीक्षा खत्म की जा सकती है। कैंडिडेट को परीक्षा के दौरान रफ काम के लिए कोई भी कागज, नोटबुक या दूसरा सामान रखने की इजाजत नहीं है।