UP Board Exam 2026: 10वीं-12वीं की परीक्षा में नहीं ले गए आधार कार्ड तो नहीं दे पाएंगे परीक्षा, जान लें बोर्ड का नया नियम

UP Board Exam 2026: यूपी बोर्ड से 10वीं और 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा देने जा रहे छात्रों को परीक्षा केंद्र में एडमिट कार्ड के साथ आधार कार्ड भी ले जाना अनिवार्य होगा। बोर्ड ने ये नियम अनिवार्य कर दिया है। छात्रों को परीक्षा केंद्र पर प्रवेश पत्र के साथ आधार कार्ड की मूल प्रति भी दिखानी होगी

अपडेटेड Jan 16, 2026 पर 10:40 AM
Story continues below Advertisement
बोर्ड परीक्षार्थियों की अपार आइडी पहले से ही बनी हुई है, जो आधार से लिंक है।

UP Board Exam 2026: यूपी बोर्ड परीक्षा 2026 की तैयारी कर रहे छात्रों की परीक्षा का समय नजदीक आ रहा है। हाईस्कूल (10वीं) और इंटरमीडिएट (12वीं) की परीक्षा 18 फरवरी से शुरू होंगी। इससे पहले 24 जनवरी से छात्रों की प्रैक्टिकल परीक्षाएं शुरू होंगी। परीक्षा की नकल और हर तरह की धांधली मुक्त बनाने के लिए इस बार परिषद ने कई महत्वपूर्ण और सख्त बदलाव किए हैं। इस बार छात्रों को परीक्षा केंद्र में अपने साथ-साथ एडमिट कार्ड के अलावा आधार कार्ड की मूल प्रति भी ले जानी होगी। परीक्षा केंद्र पर जांच के दौरान प्रवेश पत्र के साथ आधार कार्ड की मूल प्रति भी पेश करने वाले छात्रों को ही प्रवेश दिया जाएगा।

छात्रों की पहले से बनी है अपार आइडी 

उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP) ने यह फैसला फर्जी परीक्षार्थियों पर लगाम लगाने के लिए लिया है। बोर्ड अधिकारियों का कहना है कि इस सख्ती का उद्देश्य परीक्षा की शुचिता को बनाए रखना है। यदि किसी विद्यार्थी के पास आधार कार्ड की मूल प्रति नहीं होगी, तो उसे केंद्र में प्रवेश मिलने में कठिनाई हो सकती है। हर साल यूपी बोर्ड की परीक्षाओं में बड़ी संख्या में फर्जी परीक्षार्थी पकड़े जाते हैं। इस नई व्यवस्था के लागू होने से फर्जी परीक्षार्थी केंद्र में प्रवेश नहीं कर पाएंगे। बोर्ड परीक्षार्थियों की अपार आइडी पहले से ही बनी हुई है, जो आधार से लिंक है। ऐसे में प्रवेश पत्र को आधार नंबर से लिंक करना बहुत आसान होगा।

परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

यूपी बोर्ड की परीक्षा इस बार डिजिटल निगरानी में संपन्न कराई जाएगी। परीक्षा दे रहे छात्रों और परीक्षकों पर सीसीटीवी कैमरों से नजर रखी जाएगी। इनकी सीधी मॉनिटरिंग कंट्रोल रूम से की जाएगी। सभी केंद्रों की जियो टैगिंग कराई गई है, ताकि केंद्रों की लोकेशन और वहां होने वाली गतिविधियों पर सटीक नजर रखी जा सके। संवेदनशील और अति-संवेदनशील केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल और सचल दलों की तैनाती की जाएगी। विद्यार्थियों को सलाह दी जाती है कि वह परीक्षा से पहले अपने सभी जरूरी दस्तावेज तैयार रखें।

18 फरवरी से शुरू होगी परीक्षा


यूपी बोर्ड हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षाएं 18 फरवरी से 12 मार्च तक चलेंगी। दोनों कक्षाओं को मिलाकर 52 लाख 30 हजार 297 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। इसमें हाई स्कूल में 27 लाख 50 हजार 945 और इंटरमीडिएट में 24 लाख 79 लाख 352 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। इंटरमीडिएट की प्रैक्टिकल परीक्षा दो चरणों में आयोजित होंगी। पहले चरण की प्रयोगात्मक परीक्षाएं 24 जनवरी 2026 से 01 फरवरी 2026 के बीच होंगी। वहीं, दूसरे चरण की परीक्षाएं 2 फरवरी 2026 से 9 फरवरी 2026 के बीच होंगी। इस साल 10वीं और 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा के लिए पूरे प्रदेश में 8033 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।

JEECUP 2026: आज से शुरू हुए आवेदन, 15 मई को होगी जेईईसीयूपी 2026 की परीक्षा

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।