Assembly bypolls 2026: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने गुरुवार (19 मार्च) को गोवा, कर्नाटक, नगालैंड और त्रिपुरा की पांच विधानसभा सीटों पर नौ मार्च को होने वाले उपचुनावों के लिए अपने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी। BJP ने गोवा की एक, नागालैंड की एक, कर्नाटक की 2 और त्रिपुरा की एक विधानसभा सीट से उम्मीदवार घोषित किए हैं। पार्टी ने गोवा की पोंडा सीट से रितेश रवि नाइक, नगालैंड की कोरिडांग सीट से दाओचिर आई इम्चेन और त्रिपुरा की धर्मनगर सीट से जे. चक्रवर्ती को चुनाव मैदान में उतारा है।
बीजेपी की तरफ से जारी लिस्ट के अनुसार, वीरभद्रय्या चरंतिमठ बागलकोट सीट से चुनाव लड़ेंगे। जबकि श्रीनिवास टी दासकारियप्पा कर्नाटक की दावणगेरे दक्षिण सीट से चुनाव मैदान में उतरेंगे। BJP की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक नितिन नवीन की अध्यक्षता में बुधवार को हुई।
इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृहमंत्री अमित शाह एवं केंद्रीय चुनाव समिति के अन्य सभी सदस्य उपस्थित रहे। केंद्रीय चुनाव समिति ने विभिन्न प्रदेशों में होने वाले विधानसभा उप-चुनाव 2026 के लिए उम्मीदवारों के नाम पर मुहर लगाई। इसके बाद BJP की ओर से उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की गई।
गोवा, कर्नाटक, नागालैंड और त्रिपुरा की विधानसभा सीटों पर 9 अप्रैल को मतदान होगा। इसके अलावा गुजरात और महाराष्ट्र की विधानसभा सीटों पर 23 अप्रैल को वोटिंग होगी। इन सभी सीटों पर बाकी अन्य राज्यों की तरह ही 4 मई को मतगणना होगी। उपचुनाव में जीत के लिए भारतीय जनता पार्टी के साथ अन्य विपक्षी पार्टियों ने प्रचार अभियान तेज कर दिया है। राजनीतिक दलों के नेता और कार्यकर्ता मतदाताओं को अपने पक्ष में मतदान करने के लिए अनुरोध करने के साथ विभिन्न वादे कर रहे हैं।
वहीं, निर्वाचन आयोग (ECI) ने असम, केरल, पुडुचेरी, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव और छह राज्यों में उपचुनावों के लिए 1,111 पर्यवेक्षक तैनात किये हैं। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने विधानसभा चुनाव कार्यक्रम घोषित करते हुए कहा था कि चुनाव-हिंसा और प्रलोभन मुक्त कराए जाएं ताकि प्रत्येक मतदाता बिना किसी भय या पक्षपात के अपना वोट डाल सके। इसे सुनिश्चित करने में पर्यवेक्षक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
- BJP ने गोवा की पोंडा विधानसभा सीट से रितेश रवि नायक को उम्मीदवार बनाया है।
- नागालैंड की कोरिडांग (आरक्षित) विधानसभा सीट से दाओचियर आई इम्चेन को टिकट दिया है।
- कर्नाटक के बागलकोट विधानसभा से वीरभद्रय्या चरंतीमठ और दावणगेरे दक्षिण से श्रीनिवास टी. दासकरियप्पा को उम्मीदवार बनाया है।
- त्रिपुरा की धर्मनगर विधानसभा सीट से जहर चक्रवर्ती को उम्मीदवार बनाया है।