HAM प्रमुख संतोष सुमन का RJD पर हमला, बोले- लालटेन राज ने बिहार को अंधेरे में धकेला!

Bihar Assembly Election 2025: एक तरफ HAM के राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष सुमन ने RJD और लालू परिवार पर हमला बोला, वहीं दूसरी ओर जनसुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने भी लालू परिवार को घेरते हुए तीखा बयान दिया है। सत्ताधारी दल विकास की गिनती गिनाकर जनता को अपने पक्ष में करने की कोशिश कर रहा है

अपडेटेड Aug 23, 2025 पर 9:47 PM
Story continues below Advertisement
संतोष सुमन ने कहा कि संकल्प और सपनों के साथ आगे बढ़ते हुए बिहार नया इतिहास लिख रहा है।

Bihar Chunav 2025: आगामी बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर सभी पार्टियां तैयारी में जोर-शोर से जुटी हुई हैं। इस बीच नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी तेज हो गया है। इसी कड़ी में HAM यानि हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (सेक्युलर) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार के लघु जल संसाधन मंत्री संतोष कुमार सुमन ने लालू परिवार पर सीधा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि ‘लालटेन राज’ में बिहार बदहाली और अंधेरे में डूबा हुआ था, लेकिन NDA सरकार ने राज्य को उस दौर से निकालकर विकास की राह पर खड़ा किया।

संतोष सुमन ने बताया कि शुक्रवार को गया से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार को बिजली, रेल, सड़क, स्वास्थ्य, आवास और जल आपूर्ति से जुड़ी योजनाओं के लिए 13 हजार करोड़ रुपये का तोहफा दिया है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि संकल्प और सपनों के साथ आगे बढ़ते हुए बिहार नया इतिहास लिख रहा है।

लालटेन राज ने बिहार की पीढ़ियों को पलायन के लिए मजबूर किया


संतोष सुमन ने RJD पर निशाना साधते हुए कहा कि लालटेन राज में अपराध और माओवादी गतिविधियों के कारण शाम के बाद लोगों का निकलना मुश्किल था। गयाजी जैसे शहर अंधेरे में डूबे रहते थे, गांवों में बिजली के खंभे तक नहीं होते थे। लालटेन राज ने बिहार की पीढ़ियों को पलायन के लिए मजबूर किया। इसलिए जनता को ऐसे लोगों से सावधान रहना चाहिए।

इसके साथ ही उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार का लक्ष्य हर गरीब के जीवन में खुशहाली लाना है। प्रधानमंत्री मोदी ने भी साफ कहा है कि घुसपैठियों को बिहारवासियों का हक नहीं छीनने दिया जाएगा। बिहार और देश का विकास एक-दूसरे से जुड़ा हुआ है, और इसी सोच के साथ काम किया जा रहा है।

Tej Pratap Yadav: तेज प्रताप यादव का दावा निकला फुस्स, नहीं बता पाए 5 जयचंदों का नाम!

प्रशांत किशोर ने भी लालू परिवार को घेरा

विधानसभा चुनाव को देखते हुए सभी पार्टियों के नेता एक-दूसरे पर लगातार आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं। एक तरफ HAM के राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष सुमन ने RJD और लालू परिवार पर हमला बोला, वहीं दूसरी ओर जनसुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने भी लालू परिवार को घेरते हुए तीखा बयान दिया है।

प्रशांत किशोर ने अपनी 'बिहार बदलाव यात्रा' के दौरान कहा कि बिहार के लोगों को लालू प्रसाद से यह सीखना चाहिए कि बच्चों की चिंता कैसे की जाती है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि लालू प्रसाद का बेटा 9वीं भी पास नहीं कर पाया, फिर भी वह चाहते हैं कि उनका बेटा 'राजा' बने। जबकि दूसरी तरफ, बिहार के आम लोग जिनके बच्चे मैट्रिक, B.A. और M.A. तक की पढ़ाई पूरी कर चुके हैं, उन्हें रोजगार तक नहीं मिल रहा है। उन्होंने जनता से कहा कि इस बार नेताओं का चेहरा देखकर वोट न करें। इस बार अपने बच्चों के लिए वोट दें और बिहार में जनता का राज स्थापित करें। इस बार अपने बच्चों की शिक्षा और रोजगार के लिए वोट करें।

जैसे-जैसे विधानसभा चुनाव नजदीक आ रहे हैं, वैसे-वैसे नेताओं के आरोप-प्रत्यारोप की गति और तेज होते जा रही है। एक ओर विपक्ष लालू परिवार और RJD पर निशाना साध रहा है, तो वहीं सत्ताधारी दल विकास की गिनती गिनाकर जनता को अपने पक्ष में करने की कोशिश कर रहा है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।