बिहार में एक ही एड्रेस पर मिले सैकड़ों वोटर्स के नाम, रिपोर्ट में हुआ खुलासा! ECI आज करेगा बड़ी प्रेस कॉन्फ्रेंस

Bihar SIR: रिपोर्ट के अनुसार, वोटर लिस्ट में दस हजार से ज्यादा ऐसे वोटरों के नाम हैं जिनका एड्रेस फर्जी घरों या फिर जो घर है भी नहीं उनसे जुड़े हुए है। पिपरा विधानसभा क्षेत्र के गालिमपुर गांव में एक ही पते पर 509 वोटर और एक अन्य पते पर 459 वोटरों को रजिस्टर किया गया था और बाद में इन दोनों घरों को फर्जी पाया गया

अपडेटेड Aug 17, 2025 पर 2:47 PM
चुनाव आयोग ने शनिवार को घोषणा की कि वह रविवार दोपहर 3 बजे नई दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित करेगा

Bihar: बिहार में आगामी विधानसभा चुनावों से पहले वोटर लिस्ट में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी का खुलासा हुआ है। एक हालिया रिपोर्ट के अनुसार, राज्य में हजारों मतदाताओं के नाम फर्जी या संदिग्ध पतों पर रजिस्टर्ड पाए गए हैं। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि कई मामलों में एक ही घर के पते पर सैकड़ों वोटरों को रजिस्टर किया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, कुल 3,590 ऐसे मामले सामने आए हैं, जहां एक ही पते पर 20 या उससे अधिक वोटर दर्ज थे। यह अनियमितता भारत निर्वाचन आयोग द्वारा किए गए 'स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन' (SIR) के दौरान सामने आई है।

जांच में हुए चौंकाने वाले खुलासे

'द रिपोर्टर्स कलेक्टिव' द्वारा किए गए विश्लेषण से पता चला है कि मतदाता सूची में दस हजार से ज्यादा ऐसे वोटरों के नाम हैं जिनका एड्रेस फर्जी घरों या फिर जो घर है भी नहीं उनसे जुड़े हुए है। रिपोर्ट में चौंकाने वाले उदाहरण भी दिए गए हैं। जैसे पिपरा विधानसभा क्षेत्र के गालिमपुर गांव में एक ही पते पर 509 वोटर और एक अन्य पते पर 459 वोटरों को रजिस्टर किया गया था, और बाद में इन दोनों घरों को फर्जी पाया गया। बाघा और मोतिहारी विधानसभा क्षेत्रों में भी इसी तरह की गड़बड़ियां पाई गईं है।


रिपोर्ट के मुताबिक, कुल 3,590 ऐसे मामले सामने आए हैं, जहां एक ही पते पर 20 या उससे अधिक वोटर दर्ज थे। इन तीन विधानसभा क्षेत्रों में लगभग 80,000 वोटरों, जो कुल मतदाताओं का लगभग 8% है। उन्हें इसी तरह से 'एक साथ' रजिस्टर किया गया था। यह अनियमितता ECI द्वारा किए गए SIR के दौरान सामने आई है।

चुनाव आयोग ने खारिज किए आरोप

इस बीच चुनाव आयोग ने वोटर लिस्ट में गड़बड़ी को लेकर सभी आलोचनाओं को खारिज कर दिया है। आयोग का तर्क है कि राजनीतिक दल और उनके एजेंट वेरीफिकेशन प्रोसेस के दौरान इन अनियमितताओं पर आपत्ति उठाने में विफल रहे। आयोग ने कहा कि मतदाता सूची में किसी भी गलती को बताने का सही समय उस चरण के दौरान होता है जब दावों और आपत्तियों को दर्ज किया जाता है।

राहुल गांधी ने लगाया था 'वोट चोरी' का आरोप

कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने इस मुद्दे पर ECI को घेरते हुए उस पर सत्तारूढ़ भाजपा के लिए 'वोट चोरी' करने का आरोप लगाया है। 1 अगस्त को उन्होंने बिहार के मतदाता संशोधन और 2024 के लोकसभा चुनावों के दौरान 'वोट चोरी' में चुनाव आयोग की 'सीधी मिलीभगत' का आरोप लगाया था। उनका दावा है कि उनके पास अनियमितताओं का 'पुख्ता सबूत' है।

ECI आज करेगा प्रेस कॉन्फ्रेंस

चुनाव आयोग ने शनिवार को घोषणा की कि वह रविवार दोपहर 3 बजे नई दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित करेगा। यह बिहार में SIR के बाद आयोग की पहली सार्वजनिक ब्रीफिंग होगी। माना जा रहा है कि चुनाव आयोग राहुल गांधी के आरोपों का जवाब दे सकता है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।