
Bihar Assembly Election : बिहार की राजनीति में एक बार फिर RJD सुप्रीमो लालू यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव सुर्खियों में है। उन्होंने हाल ही में दिए बयान में खुद को मुख्यमंत्री बनने की इच्छा जाहिर की है। दरअसल, एक यूट्यूबर को दिए इंटरव्यू में तेज प्रताप यादव से सवाल किया गया कि क्या वे मुख्यमंत्री बनना चाहते हैं। इस पर तेज प्रताप ने खुलकर कहा “एकदम इच्छा है मुख्यमंत्री बनने की। जब हम मुख्यमंत्री बनेंगे तभी अपने पिताजी की तरह जमीन से जुड़कर काम कर पाएंगे। अगर कोई दूसरा मुख्यमंत्री बनेगा तो वह जनता के बीच रहकर वैसे काम नहीं कर पाएगा।”
तेज प्रताप यादव का बड़ा धमाका
इसी कड़ी में उन्होंने आगे कहा कि “मुख्यमंत्री बनने की इच्छा किसके मन में नहीं होती? क्रिकेट खेल रहा है तो कप्तान बनने का मन करता है, स्कूल में पढ़ रहा है तो मॉनिटर बनने का मन करता है। ऐसे ही मेरे मन में भी मुख्यमंत्री बनने की इच्छा है। जब तक हम मुख्यमंत्री नहीं बनते, तब तक पिताजी की तरह जनता की सेवा करना संभव नहीं होगा।”
तेजस्वी पर साधा निशाना
तेज प्रताप ने कहा कि उनका लक्ष्य राजनीति में जनता के बीच जाकर काम करना है। उन्होंने पिता लालू प्रसाद यादव की शैली का जिक्र करते हुए कहा कि जमीन से जुड़े रहना ही असली राजनीति है। इस दौरान उन्होंने अपने छोटे भाई और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर भी सीधा हमला बोला और कहा कि “हम तेजस्वी जी के लिए यह बात कहते थे, पर अब वो उस लाइन पर नहीं जा रहे हैं। उनका लाइन धीरे-धीरे भटक रहा है। वे मुख्य मुद्दों से दूर होकर राहुल गांधी जैसे नेताओं के साथ नौटंकी में समय बर्बाद कर रहे हैं। तेजस्वी इस काबिल नहीं हैं कि वे मुख्यमंत्री बनें।”
वहीं, इंटरव्यू के दौरान तेज प्रताप ने आकाश यादव पर फोटो वायरल करने का आरोप भी लगाए। उन्होंने कहा कि अनुष्का के भाई आकाश यादव उनकी तस्वीरें वायरल कर उन्हें “बदनाम” करने की कोशिश कर रहे हैं। तेज प्रताप ने उन्हें “जयचंद” तक कह डाला। उनका कहना है कि जयचंद लोग मिल कर उनका फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर रहे है, और राजनीतिक छवि को खराब करने की कोशिश कर रहे है।
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।