Bihar Bandh: 4 सितंबर को बिहार में होने वाला है बड़ा प्रदर्शन, जानें- क्या खुलेगा और क्या रहेगा बंद

Bihar Bandh News: चार सितंबर को पांच घंटे के लिए 'बिहार बंद' रहेगा। यह बंद सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक प्रभावी रहेगा। NDA का यह प्रदर्शन 'वोटर अधिकार यात्रा' के दौरान दरभंगा में RJD और कांग्रेस के मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी मां के खिलाफ अभद्र शब्दों के इस्तेमाल के खिलाफ हो रहा है

अपडेटेड Sep 03, 2025 पर 5:16 PM
Story continues below Advertisement
Bihar Bandh News: बीजेपी महिला शाखा ने 4 सितंबर को 5 घंटे के लिए 'बिहार बंद' का ऐलान किया है

Bihar Bandh News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दिवंगत मां के खिलाफ अभद्र भाषा के इस्तेमाल के विरोध में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के घटक दलों की महिला शाखा ने चार सितंबर को पांच घंटे के लिए 'बिहार बंद' का ऐलान किया है। यह बंद गुरुवार (4 सितंबर) सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक प्रभावी रहेगा। बीजेपी बिहार अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा कि NDA के सभी नेता 'वोटर अधिकार यात्रा' के दौरान दरभंगा में RJD और कांग्रेस के मंच से प्रधानमंत्री मोदी और उनकी मां के खिलाफ अभद्र शब्दों के इस्तेमाल की कड़ी निंदा करते हैं।

दिलीप जायसवाल ने कहा, "यह सिर्फ PM मोदी की मां का नहीं बल्कि देश की हर मां का अपमान है।" उन्होंने बताया कि महिला शाखा द्वारा आहूत बंद में आम जनता को कम से कम असुविधा हो, इसका पूरा ध्यान रखा जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस दौरान इमरजेंसी सेवाओं को बंद से पूरी तरह मुक्त रखा जाएगा।

डॉ. जायसवाल ने इस घटना को बिहार का भी अपमान बताया। उन्होंने कहा कि माताओं को देवतुल्य माना जाता है, उनका अपमान असहनीय है। उन्होंने लोगों से बंद में शामिल होने और कांग्रेस-आरजेडी के खिलाफ एकजुट होकर खड़े होने की अपील की।

JDU के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने भी इस मुद्दे पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा, "महागठबंधन की यात्रा के दौरान की गई अभद्र टिप्पणियां न सिर्फ लोकतांत्रिक परंपराओं का, बल्कि मां के पूजनीय पद का भी अपमान है। बिहार की धरती माताओं-बहनों का अपमान करने वालों को नहीं बख्शेगी।"

वहीं, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार ने कहा कि RJD-कांग्रेस के मंच से इस्तेमाल की गई भाषा लोगों को जंगलराज की याद दिलाती है। NDA नेताओं ने कहा कि महिला मोर्चा चार सितंबर को सड़कों पर उतरेगा। इस दौरान पीएम मोदी पर किए गए अभद्र भाषा के खिलाफ सशक्त विरोध दर्ज कराएगा।

'बिहार बंद' की टाइमिंग


बीजेपी महिला मोर्चा इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व करेगी। दिलीप जायसवाल के अनुसार, 'बिहार बंद' सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक पांच घंटे तक चलेगा।

4 सितंबर को क्या-क्या रहेगा बंद और क्या खुलेगा?

  • बीजेपी नेताओं ने बताया कि बिहार की आम जनता की असुविधा को कम करने के लिए इस बंद के दौरान एंबुलेंस, अस्पताल और अन्य आवश्यक सुविधाओं जैसी इमरजेंसी सेवाएं प्रभावित नहीं होंगी।

  • न्यूज एजेंसी ANI ने बताया, "इमरजेंसी सुविधाओं और रेल परिचालन सहित आवश्यक सेवाएं बंद के दौरान अप्रभावित रहेंगी।"

  • बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल के हवाले से टाइम्स ऑफ इंडिया ने बताया कि बिहार की महिलाएं इसका जवाब जरूर देंगी। बंद शांतिपूर्ण रहेगा। इस दौरान ट्रैफिक में कोई बाधा नहीं आएगी।"

ये भी पढ़ें- Bihar Chunav 2025: बिहार चुनाव से पहले NDA में भूचाल! JDU और BJP के कई नेता RJD में हुए शामिल

Akhilesh Nath Tripathi

Akhilesh Nath Tripathi

First Published: Sep 03, 2025 5:11 PM

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।