Bihar Election 2025 Live: तेजस्वी यादव और विजय सिन्हा ने दाखिल किया नामांकन, महागठबंधन में सीट शेयरिंग लगभग फाइनल! - bihar chunav 2025 live updates 15 october nda and mahagathbandhan third front preparation jdu rjd ljp candidate list | Moneycontrol Hindi
Credit Cards

लाइव ब्लॉग

OCTOBER 15, 2025/ 4:35 PM

Bihar Election 2025 Live: तेजस्वी यादव और विजय सिन्हा ने दाखिल किया नामांकन, महागठबंधन में सीट शेयरिंग लगभग फाइनल!

Bihar Chunav 2025 Live: बिहार चुनाव में सीट शेयरिंग को लेकर NDA और 'महागठबंधन' दोनों में तनाव जारी है। एनडीए में सीट शेयरिंग फॉर्मूला तय होने के बावजूद सहयोगियों में नाराजगी है। इस बीच, महागठबंधन में सीट बंटवारे का मामला अभी तक सुलझा नहीं। कांग्रेस ने 40 से अधिक सीटों पर उम्मीदवार चुन लिए हैं। बुधवार शाम तक कांग्रेस की पहली लिस्ट आ सकती है

Story continues below Advertisement

Bihar Election 2025 Live: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले विपक्षी 'महागठबंधन' के घटक दलों में चल रहा सीट बंटवारे का विवाद अब सुलझता दिख रहा है। RJD, कांग्रेस और वाम दलों के बीच सीटों की संख्या को लेकर सहमति लगभग बन गई है। उम्मीद जताई जा रही है कि इसकी औपचारिक घोषणा आज, बुधवार को हो सकती है।

ये हो सकता है महागठबंधन में सीट बंटवारें का फार्मूला

सूत्रों के अन

Bihar Chunav 2025 Live: बिहार चुनाव के लिए एनडीए में सीट शेयरिंग फॉर्मूला तय होने के बाद भी घमासान देखने को मिल रही है।
OCTOBER 15, 2025 4:30 PM IST

Bihar Chunav 2025 Live: तेजस्वी के बाद विजय सिन्हा ने भी दाखिल किया नामांकन

सीनियर बीजेपी नेता और बिहार के उप-मुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने लखीसराय से अपना नामांकन दाखिल कर दिया है। उप-मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी इस दौरान मौजूद रही। राज्य में दो चरणों में मतदान होगा। पहला चरण छह नवंबर और दूसरा 11 नवंबर को। मतों की गिनती 14 नवंबर को की जाएगी।

OCTOBER 15, 2025 3:52 PM IST

Bihar Chunav 2025 Live : कांग्रेस के सभी उम्मीदवार तय

कांग्रेस ने अपने सभी उम्मीदवारों का चयन कर लिया है। पटना से उम्मीदवारों की घोषणा जल्द की जाएगी। कांग्रेस की सब-कमेटी की बैठक करीब 6 घंटे चली। बिहार कांग्रेस चीफ राजेश राम ने बताया कि कुछ बची हुई सीटों पर आज चर्चा हुई और सभी सीटों पर अंतिम फैसला ले लिया गया है। सभी पार्टनर के अलग-अलग सुझावों को ध्यान में रखते हुए, सभी घोषणाएँ एक साथ की जाएंगी। पटना में आज बैठक के बाद पूरी सूची जारी की जाएगी।

OCTOBER 15, 2025 3:36 PM IST

Bihar Chunav 2025 Live : राघोपुर की जनता एक बार फिर हमारा साथ देगी- तेजस्वी यादव

नामांकन दाखिल करने के बाद राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा, "राघोपुर की जनता ने हमें लगातार दो बार भरोसा दिया है और ये तीसरी बार है जब हम राघोपुर से नामांकन दाखिल कर रहे हैं। हमें पूरा भरोसा है कि जनता एक बार फिर हम पर विश्वास करेगी। हमारा लक्ष्य सिर्फ सरकार बनाना नहीं, बल्कि बिहार को भ्रष्टाचार और अपराध मुक्त बनाना है। अफवाहें फैलाई जा रही थीं कि हम दो सीटों से चुनाव लड़ेंगे, लेकिन हम हमेशा की तरह केवल राघोपुर से ही चुनाव लड़ रहे हैं।"

OCTOBER 15, 2025 3:24 PM IST

Bihar Chunav 2025 Live : चिराग पासवान और उपेंद्र कुशवाहा के बीच महुआ सीट पर सुलह

महुआ विधानसभा सीट को लेकर चिराग पासवान और उपेंद्र कुशवाहा के बीच विवाद सुलझ गया है। सूत्रों के अनुसार, उपेंद्र कुशवाहा को अब दूसरी विधानसभा सीट दी जाएगी, साथ ही उन्हें एक MLC सीट और राज्यसभा का मौका भी मिलेगा।

चिराग पासवान की संभावित 29 सीटें:

मरहौरा, बख्तियारपुर, गोविंदगंज, परवत्ता, महुआ, गरखा, साहेबपुर कमाल, बखरी, ओबरा, ब्रह्मपुर, मखदुमपुर, बेलसंड, तरौली, पालीगंज, मनेर, चेनारी, शेरघाटी, बोधगया, बहादुरगंज, गोविदपुर, रजौली, फतुहा, डीहरी, नाथनगर, सुगौली, सिमरी बख्तियारपुर, कसवा, बलरामपुर।

OCTOBER 15, 2025 3:11 PM IST

Bihar Chunav 2025 Live : 2010 का रिकॉर्ड इस बार टूटेगा - विजय सिन्हा

बिहार के उपमुख्यमंत्री और लखीसराय से भाजपा उम्मीदवार विजय कुमार सिन्हा ने कहा, "बिहार को बर्बाद करने वाले, जो ‘जंगल राज’ की पाठशाला से आए हैं, अब स्वीकार नहीं किए जाएंगे। बिहार लोकतंत्र की धरती है और जाति से ऊपर है। 2010 का रिकॉर्ड इस बार टूटेगा। जो लोग गठबंधन बनाकर बैठे हैं, उन्हें समस्या होगी। NDA पूरी तरह मजबूत है।"

OCTOBER 15, 2025 2:25 PM IST

Bihar Chunav 2025 Live : जनसुराज पार्टी ने तारापुर से घोषित किया डॉ. संतोष सिंह को उम्मीदवार

तारापुर विधानसभा में डिप्टी CM सम्राट चौधरी के खिलाफ जनसुराज पार्टी के उम्मीदवार डॉ. संतोष सिंह होंगे। डॉ. सिंह एक जाने-माने शिशु रोग विशेषज्ञ हैं। उन्होंने भागलपुर मेडिकल कॉलेज से MBBS की पढ़ाई की और PMCH, पटना से MD करने के दौरान गोल्ड मेडल हासिल किया।

OCTOBER 15, 2025 2:14 PM IST

Bihar Chunav 2025 Live : नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राघोपुर में किया नामांकन दाखिल

नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने हाजीपुर अनुमंडल कार्यालय में राघोपुर विधानसभा से अपना नामांकन दाखिल किया। इस अवसर पर उनके साथ लालू यादव, राबड़ी देवी और मीसा भारती भी मौजूद रहीं।

OCTOBER 15, 2025 2:05 PM IST

Bihar Chunav 2025 Live : गठबंधन मुद्दे सुलझ गए, कोई परेशानी नहीं होगी-उपेंद्र कुशवाहा

NDA में सीट शेयरिंग को लेकर उठ रही नाराजगी पर उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि गठबंधन में कुछ मुद्दे थे, जिन्हें लेकर उन्होंने गृहमंत्री से बात की। सभी मुद्दों पर विमर्श हो गया है और उम्मीद है कि आगे कोई परेशानी नहीं आएगी। बिहार में NDA की सरकार बनेगी। महुआ सीट समेत सीटों के मामलों पर अलग से घोषणा की जाएगी।

OCTOBER 15, 2025 1:52 PM IST

Bihar Chunav 2025 Live : भोजपुरी स्टार खेसारी लाल यादव ने किया चुनावी इरादों का खुलासा

भोजपुरी गायक और अभिनेता खेसारी लाल यादव ने बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर कहा, ‘मैं चाहता हूं कि मेरी पत्नी चुनाव में भाग लें, लेकिन मैं उन्हें पिछले चार दिन से मना रहा हूं। अगर वे मान जाती हैं, तो नामांकन दाखिल करेंगे, वरना केवल प्रचार करके भइया तेजस्वी यादव को जीताने की कोशिश करूंगा।’

OCTOBER 15, 2025 1:35 PM IST

Bihar Chunav 2025 Live : नामांकन के लिए लखीसराय पहुंचे विजय सिन्हा

बिहार के डिप्टी सीएम विजय सिन्हा नामांकन दाखिल करने लखीसराय अनुमंडल कार्यालय पहुंचे। उनके साथ दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता, डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह भी मौजूद रहे। नामांकन के बाद वे जनसभा को संबोधित करेंगे और रोड शो भी करेंगे

OCTOBER 15, 2025 1:15 PM IST

Bihar Chunav 2025 Live : चिराग पासवान के दावे वाली 4 सीटों पर भी जेडीयू ने उतारे उम्मीदवार

जेडीयू की जारी पहली सूची में उन चार सीटों पर भी उम्मीदवार घोषित किए गए हैं, जिन पर लोजपा (रामविलास) प्रमुख चिराग पासवान लगातार दावा कर रहे थे। इससे दोनों दलों के बीच सीटों को लेकर सियासी टकराव बढ़ने के आसार हैं।

OCTOBER 15, 2025 12:49 PM IST

Bihar Chunav 2025 Live : जेडीयू ने जारी की 57 उम्मीदवारों की पहली सूची

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर जेडीयू ने अपने 57 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। मोकामा सीट से बाहुबली नेता अनंत सिंह को टिकट दिया गया है, जबकि सोनबरसा से मौजूदा मंत्री रत्नेश सदा को फिर से मौका मिला है। फुलवारी से श्याम रजक को उम्मीदवार बनाया गया है, वहीं राजगीर सीट से वर्तमान विधायक कौशल किशोर पर पार्टी ने दोबारा भरोसा जताया है।

OCTOBER 15, 2025 12:38 PM IST

Bihar Chunav 2025 Live : नामांकन प्रक्रिया के दौरान BJP के बड़े नेता बिहार में करेंगे शक्ति प्रदर्शन

15 अक्टूबर को भजन लाल शर्मा, रेखा गुप्ता, ब्रजेश पाठक, केशव प्रसाद मौर्य और दीया कुमारी बिहार में रहेंगे।
16 अक्टूबर को योगी आदित्यनाथ, प्रमोद सावंत, माणिक साहा, मोहन मांझी, गजेन्द्र सिंह शेखावत, अर्जुन राम मेघवाल, अनुराग ठाकुर, मनोज तिवारी, बांसुरी स्वराज और कई नेता कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
17 अक्टूबर को भूपेन्द्र पटेल, पुष्कर सिंह धामी, अश्विनी वैष्णव, शिवराज सिंह चौहान, सर्बानंद सोनोवाल, अन्नपूर्णा देवी, रवि किशन और मोहन यादव नामांकन के दौरान मौजूद रहेंगे।
वहीं 18 अक्टूबर को नायब सिंह सैनी बिहार में रहेंगे।

OCTOBER 15, 2025 12:31 PM IST

Bihar Chunav 2025 Live : मुकेश सहनी को मनाने में जुटा महागठबंधन

महागठबंधन मुकेश सहनी की नाराजगी को दूर करने में जुटा है और 18 से अधिक सीटों पर सहमति बन गई है। संभावना है कि आज देर शाम तक सूची जारी कर दी जाए। वहीं, 22 अक्टूबर तक मुकेश सहनी को मिलने वाली सीटों की पूरी संख्या स्पष्ट हो सकती है।

OCTOBER 15, 2025 12:17 PM IST

Bihar Chunav 2025 Live : चिराग पासवान तैयार, 29 सीटों के उम्मीदवारों को जल्द मिलेगा सिंबल

लोजपा रामविलास की उम्मीदवार सूची आज दोपहर 2 बजे तक जारी होगी, जबकि दूसरी लिस्ट शाम 5 बजे से जारी की जाएगी। चिराग पासवान सभी 29 सीटों पर लोजपा उम्मीदवारों को सिंबल देने की तैयारी कर रहे हैं। आज देर शाम तक सभी उम्मीदवारों को उनका सिंबल भी सौंप दिया जाएगा।

OCTOBER 15, 2025 12:03 PM IST

Bihar Chunav 2025 Live : बिहारी अब अपमान नहीं, सम्मान का प्रतीक बनेंगे- विजय सिन्हा

बिहार के उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने कहा, ‘अब 'बिहारी' शब्द अपमान का प्रतीक नहीं बल्कि सम्मान का चिन्ह बनेगा। बिहारियों ने उन लोगों को कभी स्वीकार नहीं किया, जिन्होंने उन्हें पलायन के लिए मजबूर किया या बिहार को नुकसान पहुंचाया, खासकर वो जो 'जंगल राज' की राह पर रहे। बिहारियों ने विकास और सम्मान हासिल किया है और वो पीछे नहीं हटेंगे। बिहार लोकतंत्र की भूमि है, जो जाति-पाति से ऊपर है। 2010 में कोई समीकरण काम नहीं आया था और NDA ने दो-तिहाई बहुमत हासिल किया था। इस बार वो रिकॉर्ड टूटेगा।'

OCTOBER 15, 2025 11:28 AM IST

Bihar Chunav 2025 Live : बीजेपी अध्यक्ष दिलीप जायसवाल का NDA को लेकर बड़ा बयान

बिहार बीजेपी अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा, ‘NDA में सीट बंटवारे के बाद सभी दलों ने अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों पर चर्चा की है और उसके बाद अपने-अपने उम्मीदवारों की घोषणा की जा रही है। कहीं कोई समस्या नहीं है। हमने सबसे पहले सीट बंटवारे की घोषणा की और उम्मीदवारों की सूची भी जारी की। NDA गठबंधन में पूरी तरह से सौहार्द और सहयोग है। अभी मैं जेडीयू कार्यालय जा रहा हूं, जहां नामांकन की तैयारियाँ की जाएंगी।‘

OCTOBER 15, 2025 11:15 AM IST

Bihar Chunav 2025 Live : अब NDA की विदाई तय- मृत्युंजय तिवारी

राजद नेता मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि महागठबंधन पूरी तरह से एकजुट है और मजबूती से चुनाव लड़ रहा है। उन्होंने बताया, 'महागठबंधन में कोई किंतु-परंतु या सिरफुटव्वल नहीं है। अपार जनसमर्थन और जनता के आशीर्वाद से बिहार में तेजस्वी यादव की सरकार बनने जा रही है। ये NDA की विदाई है।' उन्होंने आगे कहा कि उपेंद्र कुशवाहा ने भी हालात को लेकर नाराजगी जताई है, वहीं जीतन राम मांझी और नीतीश कुमार भी नाराज हैं। तिवारी ने कहा, 'अब NDA का मतलब है कि नैया डूबेगी। इस बार बिहार को तेजस्वी सरकार चाहिए।'

OCTOBER 15, 2025 10:57 AM IST

Bihar Chunav 2025 Live : दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता बिहार पहुंचीं

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता वर्तमान में बिहार में हैं। वे यहां उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा के नामांकन समारोह में शामिल होंगी। पटना पहुंचने के बाद रेखा गुप्ता ने कहा, ‘मैं बिहार आई हूं और इसकी धरती को मेरा प्रणाम। हमें बिहार में विकास की रफ्तार तेज करनी है। हर जगह विकास के काम हो रहे हैं और बिहार में तरक्की की बहार है। मुझे भरोसा है कि इस बार भी मोदी जी और नीतीश जी की सरकार बिहार में बनेगी।'

OCTOBER 15, 2025 10:37 AM IST

Bihar Chunav 2025 Live : RJD उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी

राघोपुर: तेजस्वी प्रसाद यादव

हिलसा: शक्ति सिंह यादव

बख्तियारपुर: अनिरुद्ध यादव

मनेर: भाई वीरेन्द्र

फतुहा: रामानंद यादव

दरभंगा ग्रामीण: ललित यादव

बहादुरपुर: भोला यादव

अलौली: रामवृक्ष सदा

मधेपुरा: चंद्रशेखर यादव

सिवान: अवध बिहारी चौधरी

रघुनाथपुर: ओसामा शहाब

समस्तीपुर: अख्तरुल इस्लाम शाहीन

जोकीहाट: मोहम्मद शाहनवाज आलम

कांटी: मो. इसराइल मंसूरी

रफीगंज: मो. निहालुद्दीन

मटिहानी: बोंगों सिंह

परबत्ता: संजीव कुमार सिंह

उजियारपुर: आलोक कुमार मेहता

सरायरंजन: अरविंद कुमार साहनी

इस्लामपुर: राकेश रोशन

महुआ: मुकेश रोशन

मोरवा: रणविजय साहू

संदेश: दीपू सिंह

शाहपुर: राहुल तिवारी

सोनपुर: रामानुज प्रसाद

मसौढ़ी: रेखा पासवान

शेखपुरा: विजय सम्राट

गरखा: सुरेंद्र राम

सिंघेश्वर: चंद्रहांस चौपाल

हाजीपुर: देव प्रकाश चौरसिया

OCTOBER 15, 2025 10:23 AM IST

Bihar Chunav 2025 Live : जेडीयू की पहली उम्मीदवार सूची आज, दूसरी कल होगी जारी

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर जेडीयू ने अपने चुनाव अभियान की औपचारिक शुरुआत का ऐलान कर दिया है। पार्टी के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा ने बुधवार को बताया कि जेडीयू की पहली उम्मीदवार सूची आज जारी की जाएगी, जबकि दूसरी सूची कल आएगी। उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कल से अपने चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत करेंगे, और पहले दिन उनकी सभाएं समस्तीपुर और दरभंगा में होंगी।

OCTOBER 15, 2025 9:58 AM IST

Bihar Chunav 2025 Live : ईसीआई ने धनबल, शराब और फ्रीबीज पर लगाई सख्त रोक

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर भारतीय निर्वाचन आयोग (ईसीआई) ने चुनाव में धनबल, शराब, नशे और मुफ्त उपहारों (फ्रीबीज) के इस्तेमाल पर रोक लगाने के लिए सख्त कदम उठाए हैं। आयोग ने सभी प्रवर्तन एजेंसियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं ताकि चुनाव प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न हो सके। 6 अक्टूबर को बिहार विधानसभा के आम चुनाव और 8 सीटों के उपचुनाव की घोषणा के बाद आयोग ने चुनाव खर्च और अवैध गतिविधियों पर विशेष निगरानी व्यवस्था भी शुरू कर दी है।

OCTOBER 15, 2025 9:35 AM IST

Bihar Chunav 2025 Live : 6 और 11 नवंबर के बिहार चुनाव में नहीं उतरेंगे प्रशांत किशोर

जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने कहा कि वे 6 और 11 नवंबर को होने वाले बिहार चुनाव में खुद उम्मीदवार नहीं बनेंगे। उन्होंने बताया कि वे पार्टी के संगठन से जुड़े काम करते रहेंगे। किशोर ने कहा कि पार्टी ने तय किया है कि उन्हें चुनाव नहीं लड़ना चाहिए, इसलिए राघोपुर से तेजस्वी यादव के खिलाफ कोई और उम्मीदवार बनाया गया है। उनका यह फैसला पार्टी के अच्छे के लिए लिया गया है, ताकि उनका ध्यान संगठन के जरूरी कामों से भटक न सके।

OCTOBER 15, 2025 9:23 AM IST

Bihar Chunav 2025 Live : नामांकन की आखिरी तारीख नजदीक, सीटों को लेकर दलों में जारी खींचतान

नामांकन पत्र दाखिल करने की आखिरी तारीख 17 अक्टूबर है, यानी अब केवल 3 दिन बचे हैं। सीटों के बंटवारे को लेकर राजनीतिक दलों में अभी भी झगड़ा जारी है। एनडीए में छोटे दल ज्यादा सीटें चाहते हैं, जबकि महागठबंधन में कांग्रेस और RJD टिकट को लेकर कड़ा रुख अपनाए हुए हैं। दोनों दलों के नेता दोहे और शायरी के जरिए एक-दूसरे को सलाह दे रहे हैं।

OCTOBER 15, 2025 9:02 AM IST

Bihar Chunav 2025 Live : सीएम नीतीश कुमार ने डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की जयंती पर दी श्रद्धांजलि

सीएम नीतीश कुमार ने मिसाइल मैन और भारत रत्न, पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। सीएम ने कहा कि उनका जीवन, राष्ट्र निर्माण में योगदान और युवाओं को प्रेरित करने वाला व्यक्तित्व हमेशा हमें प्रेरणा देता रहेगा।

OCTOBER 15, 2025 8:35 AM IST

Bihar Chunav 2025 Live : जेडीयू ने मटिहानी सीट से बनाया राजकुमार सिंह को उम्मीदवार

विधायक राजकुमार सिंह को जेडीयू ने बेगूसराय की मटिहानी सीट से अपना उम्मीदवार बनाया है। इसके बाद उनके समर्थकों ने खुशी में जोरदार नारे लगाए। राजकुमार सिंह 2020 में लोजपा से विधायक बने थे और कुछ समय बाद जेडीयू में शामिल हो गए थे। अब पार्टी ने उन्हें आधिकारिक उम्मीदवार घोषित किया है।

OCTOBER 15, 2025 8:26 AM IST

Bihar Chunav 2025 Live : राजद उपाध्यक्ष अनिकेत यादव ने प्रशांत किशोर पर किया बड़ा खुलासा

भागलपुर से राजद के उपाध्यक्ष अनिकेत यादव ने जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर को लेकर बड़ा खुलासा किया है। अनिकेत यादव ने बताया कि पीके की रणनीति केवल यह नहीं है कि उनका प्रत्याशी जीते या हार जाए, बल्कि राजद को कमजोर करना उनका उद्देश्य नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि पीके ने पहले मुझसे संपर्क किया था।

OCTOBER 15, 2025 8:11 AM IST

Bihar Chunav 2025 Live : दिल्ली जाकर करेंगे एनडीए पर चर्चा - उपेंद्र कुशवाहा

राष्ट्रीय लोक मोर्चा के अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा ने कहा, "मैं दिल्ली जा रहा हूँ। एनडीए में जो फैसले लिए जा रहे हैं, उस पर कुछ विचार करना ज़रूरी है। इसी सिलसिले में मैं दिल्ली जाकर बातचीत करने वाला हूं। मुझे उम्मीद है कि सब कुछ सकारात्मक रूप से सुलझ जाएगा।"

OCTOBER 15, 2025 8:00 AM IST

Bihar Chunav 2025 Live : राहुल गांधी ने मदन मोहन झा के बेटे को टिकट देने से किया इंकार

दरभंगा की बेनीपुर सीट से बेटे के लिए टिकट की उम्मीद लगाए बैठे बिहार प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष मदन मोहन झा को बड़ा झटका लगा है। पार्टी के विधान परिषद नेता झा कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) की बैठक में शामिल हुए थे। सूत्रों के अनुसार, इस बैठक में राहुल गांधी ने झा के बेटे की दावेदारी यह कहते हुए खारिज कर दी कि ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के दौरान आपके क्षेत्र में न तो आप और न ही आपके बेटे की सक्रियता दिखाई दी।

OCTOBER 15, 2025 7:49 AM IST

Bihar Chunav 2025 Live : CPI(ML)L ने 18 उम्मीदवारों की सूची वापस ली

बिहार चुनावी सरगर्मी के बीच महागठबंधन की सहयोगी पार्टी सीपीआई (एमएल) लिबरेशन ने मंगलवार को बड़ा फैसला लेते हुए दिन में जारी अपने 18 उम्मीदवारों की सूची वापस ले ली। पार्टी ने बताया कि कुछ सीटों पर अब भी बातचीत जारी है और अंतिम सहमति के बाद पूरी सूची प्रेस कॉन्फ्रेंस में घोषित की जाएगी।

OCTOBER 15, 2025 7:34 AM IST

Bihar Chunav 2025 Live: 'NDA में कुछ भी ठीक नहीं': उपेंद्र कुशवाहा

बिहार में NDA गठबंधन के भीतर सीटों के तालमेल को लेकर चल रही खींचतान अब खुलकर सामने आ गई है। राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा ने स्पष्ट कर दिया है कि इस बार NDA में 'सबकुछ ठीक नहीं' है। दरअसल, बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं सम्राट चौधरी, नितिन नबीन और ऋतुराज सिन्हा ने मंगलवार को कुशवाहा से उनके आवास पर मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद कुशवाहा ने मीडिया से कहा: 'This time nothing is well in NDA.' हालांकि, जब बीजेपी नेता उनके आवास से बाहर निकले, तो उन्होंने कुशवाहा की कथित नाराजगी पर कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।

OCTOBER 15, 2025 7:29 AM IST

Bihar Chunav 2025 Live: ये हो सकता है महागठबंधन में सीट बंटवारें का फार्मूला

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, कांग्रेस और भाकपा माले जैसे प्रमुख सहयोगियों ने अपनी शुरूआती मांगों से कुछ समझौता किया है। कांग्रेस शुरू में 71 सीटों की मांग पर अड़ी थी, लेकिन अब वह 60 सीटों पर चुनाव लड़ने के लिए सहमत हो गई है। भाकपा माले को 19 सीटें दी गई हैं, जबकि उनकी मांग 30 सीटों की थी। भाकपा और माकपा भी अधिक सीटों की मांग कर रहे हैं।

OCTOBER 15, 2025 7:28 AM IST

Bihar Chunav 2025 Live: 116 उम्मीदवारों का ऐलान कर चुकी है प्रशांत किशोर की जन सुराज

चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी ने भी अपनी चुनावी सरगर्मी बढ़ा दी है। पार्टी ने सोमवार को 65 उम्मीदवारों की अपनी दूसरी सूची जारी की, जिससे अब तक घोषित उम्मीदवारों की कुल संख्या 116 हो गई है। प्रशांत किशोर ने बताया कि उनके 116 घोषित उम्मीदवारों में 31 अति पिछड़े वर्गों से, 21 अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) से और 21 मुस्लिम समुदाय से हैं।

OCTOBER 15, 2025 7:25 AM IST

Bihar Chunav 2025 Live: कांग्रेस कम सीटें लड़ने की संभावना

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की अध्यक्षता में मंगलवार को पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक हुई, जिसमें 50 से अधिक संभावित उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा की गई। 2020 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के निराशाजनक प्रदर्शन (70 में से 19 सीटें जीती थीं) को देखते हुए, इस बार उसे पिछली बार की तुलना में कम सीटें मिलने की संभावना है। राहुल गांधी भी CEC की बैठक में डिजिटल रूप से शामिल हुए।

OCTOBER 15, 2025 7:24 AM IST

Bihar Chunav 2025 Live: लालू के सिंबल वापस, कांग्रेस की नाराजगी दूर

सीट बंटवारे को लेकर गतिरोध तब तेज हो गया था जब राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद ने सोमवार रात एक दर्जन से अधिक उम्मीदवारों को सिंबल जारी कर दिया था, जिसे उम्मीदवारों ने सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया। इस पर कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व ने विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव से अपनी नाराजगी दर्ज कराई।