Bihar Deputy CM Vijay Sinha ON Attack: बिहार के उपमुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सीनियर नेता विजय कुमार सिन्हा के विधानसभा क्षेत्र लखीसराय में गुरुवार (6 नवंबर) राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के समर्थकों ने उनके काफिले पर हमला कर दिया। सिन्हा के काफिले पर जूता-चप्पल और गोबर फेंका गया। इस बीच, बिहार के डीजीपी ने इस घटना पर चौंकाने वाला बयान दिया है। DGP विनय कुमार ने न्यूज 18 से बातचीत में इस हमले को 'छोटी सी घटना' करार दिया है। उन्होंने कहा कि डिप्टी की कार पर किसी ने पत्थर भेंक दिया। उन्होंने कहा कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के समर्थकों ने गुरुवार (6 नवंबर) को लखीसराय निर्वाचन क्षेत्र से बीजेपी उम्मीदवार विजय कुमार सिन्हा की कार को घेर लिया। आरजेडी कार्यकर्ताओं ने उनकी कार पर जूते-चप्पल और कीचड़ फेंकी। इस दौरान उनकी कार को घेरकर मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया।
इस दौरान आरजेडी कार्यकर्ताओं ने काफी देर तक उनके काफिले को रोककर भारी हंगामा किया। बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने इस घटना पर पत्रकारों से कहा, "ये RJD के गुंडे हैं। NDA सत्ता में आ रही है... गुंडे मुझे गांव में जाने नहीं दे रहे हैं। विजय सिन्हा जीतने वाले हैं...उन्होंने मेरे पोलिंग एजेंट को भगा दिया और उसे वोट नहीं देने दिया...उनकी गुंडागर्दी देखिए।" साथ ही उन्होंने आरजेडी समर्थकों को 'छाती पर बुलडोजर' चलाने की धमकी की।
विजय सिन्हा ने न्यूज 18 से बातचीत में बताया कि उनकी गाड़ी पर जूते फेंके गए। उन्होंने आरोप लगाया कि यह काम आरजेडी के गुंडों ने किया है। सिन्हा ने कहा, "सत्ता में आए बिना ही ये लोग गुंडागर्दी पर उतर आए हैं।" उन्होंने चेतावनी दी है कि पथराव और हमला करने वालों पर बुलडोजर ऐक्शन होगा। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले की शिकायत चुनाव आयोग से की जाएगी। हमले की खबर मिलते ही मौके पर डीएम और एसपी पहुंच गए हैं।
उपमुख्यमंत्री ने आगे कहा, "ये आरजेडी के गुंडे हैं। देखिए, सत्ता में आए बिना ही कैसे गुंडागर्दी कर रहे हैं… उन्होंने सुबह 6:30 बजे ही मेरे पोलिंग एजेंट को धमकाकर भगा दिया। अब ये मतदाताओं को भी बाहर आने नहीं दे रहे हैं।"
विजय कुमार सिन्हा ने हमले के बाद एसपी से फोन पर बात की। उन्होंने कहा, "मैं गांव में मौजूद हूं। भीड़ लगातार करीब आ रही है। यहां स्पेशल फोर्स भेजिए। मैं यहां धरने पर बैठूंगा। एसपी बहुत कमजोर और डरपोक हैं। ये लोग डिप्टी सीएम को अंदर जाने नहीं दे रहे। उन्होंने पत्थर और गोबर फेंका है।"
उन्होंने स्थानीय प्रशासन पर निष्क्रिय होने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। सिन्हा ने कहा, "मेरे काफिले पर चप्पलें और गोबर फेंका गया। पत्थर भी फेंके गए। RJD कार्यकर्ता एक मतदान केंद्र पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे थे। हम निर्वाचन आयोग से इसकी शिकायत करेंगे।" एक अधिकारी ने बताया कि विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 121 सीट के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान जारी है।