Bihar Elections 2025: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने पार्टी से बगावत कर बिहार विधानसभा चुनाव लड़ने वाले चार नेताओं को छह साल के लिए निष्कासित कर दिया है। पार्टी ने यह कार्रवाई उन नेताओं के खिलाफ की है जिन्होंने एनडीए गठबंधन के उम्मीदवारों के खिलाफ चुनाव लड़ने का फैसला किया था। BJP ने इन चारों नेताओं को पार्टी विरोधी गतिविधियों का दोषी ठहराते हुए निष्कासित कर दिया है।
निष्कासित किए गए चार नेताओं में बहादुरगंज से विधानसभा चुनाव लड़ने वाले वरुण सिंह भी शामिल हैं। इसके अलावा गोपालगंज से चुनाव लड़ने वाले अनूप कुमार श्रीवास्तव को निष्कासित कर दिया गया है।
इसके अलावा बीजेपी ने कहलगांव से चुनाव लड़ने वाले विधायक पवन यादव को भी पार्टी से निष्कासित कर दिया है। उन पर पार्टी के फैसले का उल्लंघन करने का आरोप है। वहीं, बड़हरा से चुनाव लड़ने वाले सूर्यभान सिंह को भी छह साल के लिए बीजेपी से निष्कासित कर दिया गया है।
बीजेपी ने इन नेताओं को इसलिए निष्कासित किया, क्योंकि वे गठबंधन के उम्मीदवारों के खिलाफ चुनाव लड़ रहे थे। बीजेपी के नियमों के अनुसार, पार्टी या गठबंधन के खिलाफ चुनाव लड़ना अनुशासनहीनता माना जाता है। इसके चलते यह कठोर कार्रवाई की गई।
बिहार विधानसभा चुनाव के लिए सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) में सीट बंटवारे के तहत मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड (JDU) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) 101-101 सीटों पर लड़ रही हैं। जबकि केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) को 29 सीट मिली हैं। पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी और राज्यसभा सदस्य उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक मोर्चा को 6-6 सीटें मिली हैं।
वहीं, बिहार की कुल 243 विधानसभा सीटों में से RJD 143 और कांग्रेस 61 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। हालांकि, कम से कम पांच सीटों पर दोनों दलों के बीच ‘फ्रेंडली फाइट’ होने जा रहा है। वहीं, तीन सीटों पर कांग्रेस प्रत्याशी गठबंधन सहयोगी भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) से भी मुकाबला करेंगे। 243 सदस्यीय विधानसभा की 121 सीटों पर छह नवंबर को जबकि शेष 122 सीटों पर 11 नवंबर को मतदान होगा। जबकि मतगणना 14 नवंबर को की जाएगी।