Bihar Election 2025: बिहार चुनाव के लिए थम गया प्रचार का शोर! 11 नवंबर को 122 सीटों पर वोटिंग, जानें- मतदान की बड़ी बातें

Bihar Election 2025: बिहार चुनाव के दूसरे चरण में 11 नवंबर को 20 जिलों में मतदान होगा। इनमें पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर, बांका, जमुई, नवादा, गया, औरंगाबाद, जहानाबाद, अरवल, कैमूर और रोहतास शामिल हैं

अपडेटेड Nov 09, 2025 पर 9:54 PM
Story continues below Advertisement
Bihar Election 2025: अब राजनीतिक पार्टियां अपना ध्यान मतदान वाले दिन 11 नवंबर पर केंद्रित करेंगी

Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे और आखिरी चरण में राज्य के 20 जिलों की 122 सीटों पर होने वाले मतदान के लिए प्रचार रविवार (9 नवंबर) शाम पांच बजे थम गया। अब राजनीतिक पार्टियां अपना ध्यान मतदान के दिन 11 नवंबर पर केंद्रित करेंगी। जब 20 जिलों के वोटर बिहार की अगली सरकार का फैसला करेंगे। अब इन जिलों में किसी भी प्रकार की सभा, रैली या रोड शो पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा।

दूसरे चरण में 20 जिलों में मतदान होगा। इनमें पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर, बांका, जमुई, नवादा, गया, औरंगाबाद, जहानाबाद, अरवल, कैमूर और रोहतास शामिल हैं। पहले चरण के चुनाव में आजादी के बाद सर्वाधिक 65% से अधिक वोटिंग को देखते हुए दूसरे चरण में भी रिकॉर्ड मतदान होने की उम्मीद है।

पहले चरण में महिलाओं ने पुरुषों से ज्यादा मतदान किया। कुल मतदान प्रतिशत 65.08 फीसदी रहा। महिलाओं का मतदान प्रतिशत 69.04, जबकि पुरुषों का 61.56 फीसदी रहा। मीनापुर सीट पर सबसे ज्यादा 77.54 प्रतिशत मतदान हुआ।


कई दिग्गजों की किस्मत दांव पर

इस चरण में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कई मंत्री चुनाव लड़ रहे हैं। इनमें सुपौल से बिजेंद्र प्रसाद यादव, चकाई से सुमित कुमार सिंह, झंझारपुर से नीतीश मिश्रा, अमरपुर से जयंत राज, छातापुर से नीरज कुमार सिंह बबलू, बेतिया से रेणु देवी, धमदाहा से लेशी सिंह, हरसिद्धि से कृष्णनंदन पासवान और चैनपुर से जमा खान शामिल हैं।

वहीं, दूसरे चरण में महागठबंधन की ओर से RJD के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष उदय नारायण चौधरी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम, कटिहार की कदवा सीट से कांग्रेस विधायक दल के नेता शकील अहमद खान और भाकपा (माले) विधायक दल के नेता महबूब आलम उम्मीदवार हैं।

दूसरे चरण में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के घटक दलों के भारतीय जनता पार्टी (BJP) के 53 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला होना है। पहले चरण में BJP के 48 उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में बंद हो चुकी है। जनता दल यूनाइटेड (JDU) के 44, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के 15, राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) के चार और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के छह उम्मीदवार भी दूसरे चरण में चुनावी मैदान में हैं।

पीएम मोदी, तेजस्वी यादव और राहुल गांधी समेत ये नेता थे स्टार प्रचारक

NDA के स्टार प्रचारकों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, बीजेपी के बिहार के चुनाव प्रभारी एवं केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान और जीतन राम मांझी शामिल हैं।

दूसरी ओर, महागठबंधन में NDA 72 सीटों, कांग्रेस 37 सीटों, विकासशील इंसान पार्टी (VIP) 10 सीटों और अन्य सहयोगी दल पांच सीटों पर चुनाव लड़ रहे हैं। प्रचार की कमान राजद नेता व नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, कांग्रेस नेता राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा, वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माले) के महासचिव दीपंकर भट्टाचार्य ने संभाली।

मतदान से जुड़ी बड़ी बातें

- दूसरे चरण में राज्य के 20 जिलों की 122 विधानसभा सीटों पर 11 नवंबर को सुबह सात बजे से मतदान होगा। इस चरण में 1302 प्रत्याशी मैदान में हैं। इनमें 136 महिलाएं, 1165 पुरुष और एक तृतीय लिंग प्रत्याशी शामिल हैं।

- कुल 3,70,13,556 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इस चरण में 45,399 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 40,073 ग्रामीण और 5326 शहरी बूथ हैं।

- क्षेत्रफल के लिहाज से दूसरे चरण का सबसे छोटा विधानसभा क्षेत्र भागलपुर (23.887 वर्ग किमी) है। जबकि सबसे बड़ा चैनपुर (1814.15 वर्ग किमी) है। मतदाताओं की संख्या के अनुसार मखदुमपुर में सबसे कम 2,47,574, और हिसुआ में सबसे अधिक 3,67,667 मतदाता हैं।

- दूसरे चरण में सर्वाधिक संवेदनशील विधानसभा क्षेत्रों और बूथ की पहचान की गई है। इमामगंज विधानसभा क्षेत्र के सात बूथ पर मतदान शाम तीन बजे तक और 354 बूथ पर चार बजे तक होगा।

- बोधगया की 200 बूथ पर चार बजे तक और 106 बूथ पर शाम पांच बजे तक मतदान होगा।

- वहीं चैनपुर, रजौली, गोविंदपुर, सिकंदर, जमुई, झाझा और चकाई की सभी बूथों पर शाम चार बजे तक वोटिंग कराई जाएगी।

ये भी पढ़ें- Rahul Gandhi: 'उन्हें पता है बिहार चुनाव के नतीजे...'; जंगल सफारी पहुंचे राहुल गांधी पर BJP का तंज, पूछा- 'जानवरों से वोट मांगने के लिए आए हैं'

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।