Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर 'महागठबंधन' ने आखिरकार अपने मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। गुरुवार (23 अक्टूबर) को पटना के होटल मौर्य में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने यह बड़ा ऐलान किया। उन्होंने बताया कि तेजस्वी यादव को महागठबंधन की ओर से मुख्यमंत्री उम्मीदवार और विकासशील इंसान पार्टी (VIP) प्रमुख मुकेश सहनी को उपमुख्यमंत्री चेहरा बनाया गया है।
इस मौके पर मंच पर तेजस्वी यादव, मुकेश सहनी, अशोक गहलोत, कांग्रेस प्रभारी कृष्णा अल्लावरू, प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम और निर्दलीय सांसद पप्पू यादव सहित 'महागठबंधन' के सभी प्रमुख नेता मौजूद थे।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में अशोक गहलोत ने कहा, "खड़गे साहब, राहुल गांधी और महागठबंधन के तमाम नेताओं से राय के बाद हमने तय किया है कि बिहार में आगामी चुनाव तेजस्वी यादव के नेतृत्व में लड़ा जाएगा। तेजस्वी एक युवा नेता है, और जो वादे किए है वे निभाए हैं।"
इसके साथ ही उन्होंने NDA सरकार पर हमला बोला और कहा, "हम अमित शाह जी और उनकी पार्टी के अध्यक्ष से पूछना चाहते हैं कि आपके गठबंधन का CM चेहरा कौन है? यह हमारी मांग है क्योंकि हमने देखा कि चुनाव तत्कालीन CM एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में लड़ा गया था। लेकिन बाद में हमें पता चला कि किसी और को मुख्यमंत्री चुना गया था"
वहीं, मुख्यमंत्री उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद तेजस्वी यादव ने कहा, "हम महागठबंधन के लोग सिर्फ सरकार बनाना या मुख्यमंत्री बनना नहीं चाहते, बल्कि बिहार को बनाना चाहते हैं। इसीलिए हम साथ हैं।मुझ पर भरोसा दिखाने के लिए मैं महागठबंधन के सभी सदस्यों का धन्यवाद करता हूं। मैं उन सभी से कहना चाहता हूं कि मैं आपकी उम्मीदों पर खरा उतरने की पूरी कोशिश करूंगा।" इसके साथ ही उन्होंने कहा, "हम नया बिहार बनाएंगे जहां तेजस्वी की परछाई भी अगर गलत काम करेगी तो उसे भी सजा दिलाने का काम करेंगे।"
इस ऐलान के बाद महागठबंधन में चल रही सियासी खींचतान थमती दिख रही है। कुछ दिनों पहले तक मुकेश सहनी डिप्टी सीएम की मांग को लेकर नाराज थे और गठबंधन से अलग होने की अटकलें तेज थीं। उन्होंने लगातार तीन बार प्रेस कॉन्फ्रेंस का समय तय किया। लेकिन अंत में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के समझाने पर वे शांत हुए।
इस घोषणा के साथ ही 'महागठबंधन' ने NDA के खिलाफ चुनावी बिगुल फूंक दिया है। अब सीधी टक्कर NDA के नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव के बीच तय मानी जा रही है। बिहार चुनाव 6 और 11 नवंबर को होगा। जबकि परिणाम 14 नवंबर को जारी किए जाएंगे।