Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले मंगलवार (4 नवंबर) को केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने फतुहा और तारापुर विधानसभा क्षेत्रों में NDA प्रत्याशियों के समर्थन में जोरदार प्रचार किया। उन्होंने CM नीतीश कुमार के नेतृत्व को मजबूत बताते हुए कहा कि बिहार की जनता अब 'जंगलराज' नहीं, बल्कि विकास का रास्ता चुन चुकी है।
तारापुर में आयोजित विशाल जनसभा में राजनाथ सिंह ने कहा कि एक समय बिहार की पहचान अपराध से जुड़ी रहती थी। लेकिन NDA ने राज्य की तस्वीर बदल दी है। उन्होंने RJD पर तंज कसते हुए कहा, "पहले कहा जाता था, आइए न हमरा बिहार में, ठोक देंगे कट्टा कपाड़ में...। लेकिन अब है, आइए ना, NDA के विकसित बिहार में...।" उन्होंने इस दौरान बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को 'बिहार का चमकता सितारा' बताया। साथ ही जनता से उन्हें भारी मतों से जिताने अपील की।
'झूठे वादों से नहीं चलेगी राजनीति'; तेजस्वी-राहुल पर कसा तंज
राजनाथ सिंह ने तेजस्वी यादव और राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विपक्ष 12 लाख करोड़ रुपये में हर परिवार को नौकरी देने जैसे अव्यवहारिक वादे कर रहा है। उन्होंने कहा, "बिहार का बजट ही 3.25 लाख करोड़ है। फिर 12 लाख करोड़ कहां से आएंगे? झूठ बोलकर राजनीति नहीं चलेगी।" इसके साथ उन्होंने कहा, "लालू चाहते हैं कि तेजस्वी मुख्यमंत्री बनें। सोनिया चाहती है कि उसका बेटा प्रधानमंत्री बने… जनता अब इस राजनीति को समझ चुकी है।"
राजनाथ सिंह ने दावा किया कि केंद्र की मोदी सरकार ने पिछले 11 सालों में बिहार को 15 लाख करोड़ रुपये से अधिक की सहायता दी है। उन्होंने कहा, "NDA जो कहता है, करके दिखाता है। घोषणापत्र जनता के विश्वास की गारंटी है।" उन्होंने आगे कहा कि बिहार में उद्योग, रोजगार, सड़क और बुनियादी ढांजे पर तेजी से काम हुआ है। सिंह ने कहा कि आगे यह रफ्तार और बढ़ेगी।
अपने संबोधन में उन्होंने पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद का जिक्र करते हुए कहा, "उन्होंने पर्यटकों को धर्म पूछकर मारा, और हमने पाकिस्तान में घुसकर आतंकियों के ठिकानों को नष्ट किया।" उन्होंने कांग्रेस-RJD पर आरोप लगाया कि ये पार्टियां देश को जाति एवं धर्म के नाम पर बांटने की राजनीति कर रही हैं।
फतुहा में रूपा कुमारी को समर्थन
फतुहा में NDA समर्थित LJP(R) प्रत्याशी रूपा कुमारी के समर्थन में भी राजनाथ सिंह ने जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने अपील की कि रूपा कुमारी को भारी मतों से जीत दिलाई जाए, ताकि विकास का काम तेजी से आगे बढ़ सके।
चुनाव प्रचार का आज आखिरी दिन था। 6 और 11 नवंबर को होने वाले दो चरणों के मतदान को लेकर सभी दलों ने पूरी ताकत झोंक दी है। राजनाथ सिंह की इन जनसभाओं ने NDA समर्थकों में बड़ा उत्साह भर दिया है।