Bihar Election Live Updates: सिब्बल का दावा- कई ट्रेन से बीजेपी कार्यकर्ताओं को बिहार ले जाया गया
राज्यसभा सदस्य कपिल सिब्बल ने सोमवार को 6,000 लोगो को ले जाने के लिए तीन नवंबर को हरियाणा से बिहार के लिए चलाई गई चार विशेष ट्रेन को लेकर रेल मंत्रालय पर सवाल उठाए। सिब्बल ने कहा कि उनके स्पष्टीकरण ने उनकी पोल खोल दी है। उन्होंने दावा किया कि ये ट्रेन बीजेपी कार्यकर्ताओं से भरी थीं।
सिब्बल के नए दावों पर रेलवे की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई। हालांकि, रविवार को मंत्रालय ने स्पष्ट किया था कि वह इस त्योहारी सीजन में 12,000 विशेष ट्रेन चला रहा है। मंत्रालय ने कहा, "हम तीन स्तरों, मंडल, क्षेत्रीय और रेलवे बोर्ड स्तर पर वॉर रूम संचालित कर रहे हैं। जब भी किसी स्टेशन पर यात्रियों की अचानक भीड़ होती है, हम तुरंत अनिर्धारित विशेष ट्रेन चला देते हैं।"
BJP पर निशाना साधते हुए सिब्बल ने सोमवार को कहा कि एक राजनीतिक दल बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों को लेकर इतना घबराया हुआ है कि उसने राज्य में अपनी चुनावी किस्मत चमकाने के लिए इस तरह के हथकंडे अपनाने का फैसला किया।
यह टिप्पणी सांसद सिब्बल और RJD के ए डी सिंह द्वारा लगाए गए उस आरोप के एक दिन बाद आई जिसमें कहा गया है कि तीन नवंबर को हरियाणा से बिहार के लिए चार विशेष ट्रेन चलाई गईं जिनमें 6,000 लोग सवार थे।