Bihar Chunav 2025: बिहार चुनाव में महिला सशक्तिकरण का संदेश! पत्नियों ने संभाली पतियों की सियासी कमान, ऐसे मांग रही वोट

Bihar Election 2025: करीब 30 सालों से बाहुबली अनंत सिंह का दबदबा मोकामा सीट पर है। फिलहाल, अनंत सिंह को दुलारचंद हत्याकांड मामले में शनिवार की देर रात गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद बिहार की सियासत में अनंत सिंह की ही चर्चा हो रही है। अनंत सिंह की पत्नी अब नीलम देवी ने चुनाव प्रचार की कमान संभाल ली है

अपडेटेड Nov 03, 2025 पर 6:33 PM
Story continues below Advertisement
Bihar Election 2025: बिहार की सियासत में महिलाओं की ही चर्चा हो रही है

Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में इस बार एक नया रंग देखने को मिल रहा है। राज्य की कई चर्चित विधानसभा सीटों पर अलग-अलग पार्टियों के उम्मीदवारों की पत्नियां खुद चुनाव प्रचार की कमान संभाल रही हैं। पति की जीत सुनिश्चित करने के लिए महिलाएं वोटर्स के घर-घर जाकर अपने उनके पक्ष में मतदान करने की अपील कर रही हैं। इस दौरान महिलाएं महिला सशक्तिकरण का संदेश भी दे रही हैं।

करीब 30 सालों से बाहुबली अनंत सिंह का दबदबा मोकामा सीट पर है। फिलहाल, अनंत सिंह को दुलारचंद हत्याकांड मामले में शनिवार की देर रात गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद बिहार की सियासत में अनंत सिंह की ही चर्चा हो रही है। अनंत सिंह की पत्नी अब नीलम देवी ने चुनाव प्रचार की कमान संभाल ली है।

इस सीट पर आरजेडी की ओर से बाहुबली नेता सूरजभान सिंह की पत्नी वीणा देवी चुनाव लड़ रही हैं। पटना की एक अदालत ने मोकामा सीट से जनता दल यूनाइटेड के उम्मीदवार अनंत सिंह और उनके दो सहयोगियों को जन सुराज पार्टी समर्थक दुलार चंद यादव की हत्या के सिलसिले में रविवार को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।


मोकामा विधानसभा सीट से JDU के प्रत्याशी अनंत सिंह को उनके सहयोगियों मणिकांत ठाकुर और रंजीत राम के साथ अदालत में पेश किया गया। ये तीनों इससे पहले यादव की हत्या के मामले में गिरफ्तार किए गए थे। सिंह के वकील नवीन कुमार ने बताया, "अदालत ने अनंत सिंह और दोनों अन्य आरोपियों को दो सप्ताह की न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया।" इसके बाद पुलिस उन्हें पटना स्थित बेऊर जेल ले गई।

पूर्व विधायक अनंत सिंह पर तब से निगरानी रखी जा रही थी जब जन सुराज समर्थक दुलार चंद यादव की मौत के बाद उन पर संलिप्तता के आरोप लगे थे। यादव की हाल में अनंत सिंह के समर्थकों से झड़प हुई थी। इसके बाद पुलिस ने शनिवार की देर रात सिंह को उनके मोकामा के बरह स्थित आवास से हिरासत में लिया था।

इसके अलावा पटना के विक्रम विधानसभा क्षेत्र में बीजेपी उम्मीदवार सिद्धार्थ गौतम की पत्नी प्रियंका कुमारी पति के लिए चुनाव प्रचार कर रही हैं। पूर्वी चंपारण का मोतिहारी विधानसभा क्षेत्र से RJD प्रत्याशी देवा गुप्ता मैदान में हैं। लेकिन इस बार प्रचार की बागडोर खुद उनकी पत्नी और मोतिहारी नगर निगम की मेयर प्रीति गुप्ता ने संभाली है।

जब पति देवा गुप्ता घर पर चुनावी मैनेजमेंट और रणनीति तैयार करने में जुटे हैं। तब उनकी पत्नी प्रीति गुप्ता जनता के बीच जाकर हर गली-मोहल्ले में अपने पति के लिए समर्थन जुटा रही हैं। वहीं, पटना साहिब सीट पर पहली बार किस्मत आजमा रहे भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार रत्नेश कुशवाहा और कांग्रेस के सुशांत शेखर के प्रचार में उनकी पत्नियां भी मोर्चे पर डटी हुई हैं। कुशवाहा की पत्नी गुड़िया कुशवाहा और सुशांत शेखर की पत्नी इशाद्रिता लहरी नियमित रूप से जनता से लगातार संपर्क में हैं।

ये भी पढ़ें- 'अब हर व्यक्ति अनंत सिंह बनकर चुनाव लड़े'; मोकामा में बाहुबली के समर्थन में उतरे JDU नेता ललन सिंह

इसी तरह पालीगंज विधानसभा सीट में महागठबंधन के प्रत्याशी डॉ. संदीप सौरव की पत्नी दिव्या अपने पति के साथ पूरे प्रचार की कमान संभाल ली है। दानापुर में रामकृपाल की पत्नी किरण देवी और रितलाल यादव की पत्नी किरण कुमारी दोनों अपने-अपने जत्थों के साथ गली-कूचों में प्रचार कर रही हैं। दीघा सीट पर बीजेपी विधायक डॉ. संजीव चौरसिया और जन सुराज के रितेश रंजन उर्फ बिट्टू सिंह की पत्नियां वर्षा चौरसिया और विनीता बिट्टू सिंह भी महिला मतदाताओं के बीच एक्टिव हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।