Maa Sita Temple: बिहार में ₹882 करोड़ में बनेगा भव्य माता सीता मंदिर, अमित शाह ने किया भूमि पूजन, जानें बड़ी बातें

Amit Shah Bihar Visit: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार के सीतामढ़ी जिले में स्थित पुनौराधाम में मां सीता मंदिर की आधारशिला रखी। पुनौराधाम को माता सीता का जन्मस्थान माना जाता है। इस परियोजना की कुल लागत 882.87 करोड़ रुपये से अधिक है

अपडेटेड Aug 08, 2025 पर 4:12 PM
Amit Shah Bihar Visit: सीतामढ़ी जिले में स्थित पुनौराधाम को माता सीता का जन्मस्थान माना जाता है

Amit Shah Bihar Visit: अयोध्या राम मंदिर की तरह अब बिहार के सीतामढ़ी में माता सीता का एक भव्य मंदिर का निर्माण होगा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार (8 अगस्त) को सीतामढ़ी जिले के पुनौराधाम में जानकी मंदिर के पुनर्विकास की आधारशिला रखी। पुनौराधाम को माता सीता का जन्मस्थान माना जाता है। इस परियोजना के शिलान्यास समारोह में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, कई केंद्रीय मंत्री और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी शामिल हुए। इस परियोजना की कुल लागत 882.87 करोड़ रुपये से अधिक है।

एक अधिकारी ने बताया कि अमित शाह ने मंदिर के पुनर्विकास के लिए भूमि पूजन किया। इसके अलावा शाह ने सीतामढी-दिल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई और जानकी मंदिर के डिजाइन का अनावरण किया। राज्य मंत्रिमंडल ने एक जुलाई को मंदिर परिसर के विकास के लिए 882.87 करोड़ रुपये की मंजूरी दी थी।

अधिकारी ने बताया कि कुल राशि में से 137 करोड़ रुपये पुराने मंदिर और उसके परिसर के विकास पर खर्च किए जाएंगे। जबकि 728 करोड़ रुपये पर्यटन संबंधी गतिविधियों पर खर्च किए जायेंगे। इसके अलावा, 10 वर्षों तक व्यापक रखरखाव पर 16 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम (बीएसटीडीसी) इस परियोजना का क्रियान्वयन करेगा।


राज्य सरकार ने हाल ही में मंदिर के निर्माण और पुनर्विकास के लिए मुख्य सचिव की अध्यक्षता में 9 सदस्यीय ट्रस्ट का गठन किया है। बीजेपी की बिहार इकाई के प्रवक्ता नीरज कुमार ने पहले पीटीआई को बताया था, "श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र, अयोध्या की तर्ज पर इसका व्यापक विकास किया जाएगा।"

उन्होंने आगे कहा कि बड़ी संख्या में तीर्थयात्री पुनौराधाम आते हैं। राज्य मंत्रिमंडल ने परियोजना के लिए डिजाइन सलाहकार के रूप में नोएडा स्थित एक कंपनी की नियुक्ति को भी मंजूरी दी है। यह कंपनी राम जन्मभूमि न्यास के लिए मास्टर प्लानिंग और वास्तुकला सेवाओं में लगी हुई थी।

अमित शाह ने विपक्ष पर बोला हमला

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इस समारोह में कहा, "कांग्रेस पार्टी और लालू एंड कंपनी सदन में 'ऑपरेशन सिंदूर' का विरोध कर रहे हैं। लालू एंड कंपनी को नहीं पता कि यह नरेंद्र मोदी की सरकार है, BJP-NDA की सरकार है। देश की सुरक्षा से खिलवाड़ करने का किसी को हक नहीं है"

ये भी पढ़ें- NCERT ने सिलेबस में किया बड़ा बदलाव, फील्ड मार्शल मानेकशॉ, मेजर शर्मा और ब्रिगेडियर उस्मान के नए चैप्टर जोड़े

सीतामढ़ी में अपने संबोधन के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री ने आगे कहा, "मैं तेजस्वी यादव से पूछना चाहता हूं कि उनके पिता और माता लंबे समय तक सत्ता में रहे। गुंडागर्दी, गिरोह चलाने, अपहरण करने, फिरौती मांगने के अलावा आपने मिथिलांचल के विकास के लिए क्या किया है?"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।