बिहार में एक रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बुधवार को आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वोट हासिल करने के लिए कोई भी नाटक कर सकते हैं। उन्होंने कहा, "मोदी जी वोट के लिए कोई भी नाटक कर सकते हैं। उन्हें बस आपका वोट चाहिए। अगर आप नरेंद्र मोदी को नाचने के लिए कहेंगे, तो वह नाचेंगे भी।" कांग्रेस सांसद ने बिहार विधानसभा चुनाव के लिए मुजफ्फरपुर में अपनी पहली चुनावी रैली में हिस्सा लिया।
राहुल गांधी ने दिल्ली की यमुना और छठ पूजा का जिक्र करते हुए कहा, "वहां कोई यमुना नहीं है, वहां एक तालाब है। नरेंद्र मोदी अपने स्विमिंग पूल में नहाने गए थे। उनका यमुना से कोई लेना-देना नहीं है। उनका छठ पूजा से कोई लेना-देना नहीं है। उन्हें बस आपका वोट चाहिए। अगर आप नरेंद्र मोदी को नाचने के लिए कहेंगे, तो वोट के लिए वो नाच भी देंगे। वे आपके वोट चुराने में लगे हैं। क्योंकि वे इस चुनावी बीमारी को खत्म करना चाहते हैं। मैं आपको बता रहा हूं, उन्होंने महाराष्ट्र का चुनाव चुराया, उन्होंने हरियाणा में चुनाव चुराया, और वे बिहार में भी पूरी कोशिश करेंगे।"
राहुल ने आगे कहा, "आज तक आपको जो कुछ भी मिला है, चाहे वो वोट हो, शिक्षा हो, स्वास्थ्य हो, वो संविधान की वजह से है। नरेंद्र मोदी और RSS इस पर हमला कर रहे हैं। जब वो वोट चुराते हैं, तो उस पर हमला करते हैं। वो अंबेडकर के संविधान पर हमला करते हैं। जब वो भारत के किसी भी संस्थान को खोखला करते हैं, जब वो किसी RSS के आदमी को कुलपति का पद देते हैं, तो वो संविधान पर हमला करते हैं, और मैं आपको बता रहा हूं कि हम संविधान की रक्षा करेंगे, और इसे कोई नष्ट नहीं कर सकता।"