Credit Cards

Bihar Chunav 2025: पीएम मोदी 26 सितंबर को शुरू करेंगे 'मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना', बिहार की 75 लाख महिलाओं के खाते में आएंगे 10,000 रुपये

Mahila Rojgar Yojana: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार (26 सितंबर) को बिहार में 'मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना' का शुभारंभ करेंगे। इस कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी बिहार की 75 लाख महिलाओं के बैंक खातों में सीधे 10,000 रुपये की राशि ट्रांसफर करेंगे। केंद्र की मोदी सरकार और बिहार की नीतीश सरकार के नेतृत्व में सहायता राशि भेजी जाएगी

अपडेटेड Sep 25, 2025 पर 6:58 PM
Story continues below Advertisement
Mahila Rojgar Yojana: 'मुख्यमंत्री महिला रोज़गार योजना' से बिहार की महिलाओं में उत्साह और खुशी का माहौल है

Bihar Mahila Rojgar Yojana: बिहार की लाखों महिलाओं के लिए दिवाली से पहले खुशियों की बरसात होने वाली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार (26 सितंबर) को सुबह 11 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बिहार में 'मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना' का शुभारंभ करेंगे। इस कार्यक्रम के दौरान, पीएम मोदी बिहार की 75 लाख महिलाओं के बैंक खातों में सीधे 10,000 रुपये की राशि ट्रांसफर करेंगे। केंद्र की मोदी सरकार और बिहार की नीतीश सरकार के नेतृत्व में 'मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना' के तहत महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सहायता राशि भेजी जाएगी। इसके बाद महिलाओं को दो लाख रुपये तक की अतिरिक्त मदद भी मिलेगी।

इस योजना से बिहार की महिलाओं में उत्साह और खुशी का माहौल है। बिहार विधानसभा चुनाव से पहले शुक्रवार यानी 26 सितंबर को 'मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना' की पहली किस्त का पैसा महिलाओं के अकाउंट में ट्रांसफर किया जाएगा। इसके लिए सरकार विशाल कार्यक्रम का आयोजन होने वाला है। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इस कार्यक्रम से ऑनलाइन जुडेंगे। अधिकारियों ने बताया कि शुरुआती अनुदान 10,000 रुपये का होगा। 

अधिकारियों ने बताया कि रोजगार शुरू करने के बाद महिलाओं को 2 लाख रुपये तक की अतिरिक्त वित्तीय सहायता भी प्रदान की जाएगी। पीएम मोदी और बिहार के सीएम नीतीश कुमार की उपस्थिति में 75 लाख महिलाओं के खातों में डायरेक्ट ट्रांसफर किया जाएगा। इन कार्यक्रमों में जन प्रतिनिधि के अलावा जिला स्तरीय अधिकारी और स्वयं सहायता समूह से जुड़ी करीब 1,000 से अधिक महिलाएं भाग लेंगी।

योजना का उद्देश्य

'मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना' का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और स्वरोजगार एवं आजीविका के अवसरों के माध्यम से उनके सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है। इस योजना के तहत राज्य के प्रत्येक परिवार की एक महिला को वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी। इससे वे अपनी पसंद का रोजगार या आजीविका गतिविधियां शुरू कर सकेंगी। यह एक यूनिवर्सल योजना है जिससे सभी वर्ग की महिलाओं को लाभ मिलेगा।

रिपोर्ट के मुताबिक, इस योजना के तहत शुरुआती राशि के साथ लाभान्वित महिलाओं को स्वयं सहायता समूह से भी जोड़ा जाएगा। इसके साथ ही उन्हें उनके पसंद के व्यवसाय की ट्रेनिंग की दी जाएगी। बिहार ग्रामीण विकास विभाग के सचिव लोकेश कुमार सिंह के मुताबिक सभी जिलों के जिलाधिकारियों को कार्यक्रम आयोजित करने के लिए पत्र जारी कर दिया गया है।


ये भी पढ़ें- Bihar Chunav 2025: बिहार के कर्मचारियों को नीतीश सरकार का तोहफा, इस महीने समय से पहले आ जाएगी सैलरी

इसके अलावा पंचायत स्तर पर भी कार्यक्रम होगा। इस कार्यक्रम में जीविका स्वयं सहायता समूह की सदस्य भी भाग लेंगी। रिपोर्ट के मुताबिक, इस योजना के अंतर्गत अब तक शहरी और ग्रामीण इलाकों से 1.11 करोड़ से अधिक महिलाओं ने अप्लाई किया है। बिहार के सभी 38 जिलों में महिलाओं को पैसा ट्रांसफर किया जाएगा। बिहार विधानसभा चुनाव से पहले यह योजना काफी चर्चा में है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।