बिहार चुनाव 2025: 'NDA को दो-तिहाई बहुमत मिलना नेहरू को सच्ची श्रद्धांजलि होगी'; ऐसा क्यों बोले राजनाथ सिंह?

Bihar Election 2025: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने विश्वास व्यक्त किया है कि मौजूदा एनडीए सरकार बिहार में दो-तिहाई बहुमत हासिल करेगी। उन्होंने कहा कि नवंबर में भारत के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के जन्मदिन पर यानी चुनाव परिणामों की घोषणा के दिन उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी

अपडेटेड Oct 29, 2025 पर 5:56 PM
Story continues below Advertisement
Bihar Election 2025: पटना में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि बिहार को गुंडाराज की जरूरत नहीं है

Bihar Assembly Election 2025: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार (29 अक्टूबर) को कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) को दो-तिहाई बहुमत मिलना देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती पर उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी। आगामी 14 नवंबर को बिहार विधानसभा चुनाव की मतगणना होगी। उसी दिन देश के पहले पीएम नेहरू की जयंती भी है। पटना जिले के बाढ़ में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए सिंह ने कहा कि बिहार को गुंडाराज की जरूरत नहीं है।

रक्षा मंत्री सिंह ने दावा किया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के 'जंगल राज' से हुए नुकसान की काफी हद तक भरपाई करने में कामयाब रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल 'बांग्लादेशी घुसपैठियों' के वोट सुरक्षित करना चाहता है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के वरिष्ठ नेता सिंह ने कांग्रेस और राजद पर निर्वाचन आयोग पर हमला करने का आरोप लगाते हुए कहा कि संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम किया जाएगा तो लोकतंत्र कैसे चलेगा।

रक्षा मंत्री ने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव का मुद्दा बिल्कुल स्पष्ट है कि राज्य को फिर से जंगल राज की ओर ले जाना है या विकास के मार्ग पर आगे बढ़ाना है। इससे पहले दरभंगा जिले में रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने राजद द्वारा प्रत्येक परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने के वादे को अवास्तविक करार दिया। उन्होंने कहा कि NDA अपना घोषणापत्र गुरुवार को जारी करेगा और उसमें किए गए हर वादे को पूरा करेगा।


सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर 20 साल के शासन में भ्रष्टाचार का एक भी आरोप नहीं लगा। जबकि दुःख की बात है कि एक पूर्व मुख्यमंत्री का पूरा परिवार अनियमितताओं के मामलों में आरोपी है। उन्होंने विपक्ष पर वक्फ अधिनियम में किए गए संशोधनों को वापस लेने का झूठा वादा करने का आरोप लगाया। सिंह ने कहा कि यह कानून संसद में पारित हुआ है। इसलिए इसे राज्य स्तर पर बदला नहीं जा सकता।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) जाति और धर्म की राजनीति नहीं करती, बल्कि हम निष्पक्ष और स्वच्छ राजनीति करते हैं। रक्षा मंत्री ने दावा किया कि नरेंद्र मोदी सरकार के 11 वर्षों में बिहार के सर्वांगीण विकास के लिए 15 लाख करोड़ रुपये आवंटित किए गए। उन्होंने कहा, "ओबीसी आयोग को संवैधानिक दर्जा राहुल गांधी ने नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री मोदी ने दिया है।"

पाकिस्तान पर बोला हमला

राजनाथ सिंह ने दावा किया कि भारत-पाकिस्तान सीमा पार चलाए गए 'ऑपरेशन सिंदूर' में अच्छी-खासी संख्या में पाकिस्तानी आतंकवादियों को मार गिराया गया। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई उस समय की गई जब पहलगाम में निर्दोष नागरिकों की हत्या से पूरे देश में आक्रोश था। दरभंगा में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, "हम पड़ोसी पाकिस्तान को सबक सिखा चुके हैं क्योंकि उन्होंने हमारे नागरिकों को मारा था।" सिंह ने कहा कि आतंकवादियों ने कश्मीर के पर्यटन स्थल में धर्म पूछने के बाद निर्दोष नागरिकों की हत्या की थी।

ये भी पढ़ें- Bihar Chunav 2025: 'बिहार में CM का पद खाली नहीं है'; अमित शाह ने नीतीश कुमार के नाम पर लगाई मुहर!

इस पूरे घटनाक्रम को लेकर रक्षा मंत्री ने यह भी कहा कि भारत ने संयम दिखाया। उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत जाति-धर्म आधारित राजनीति में नहीं विश्वास करता। उन्होंने कहा कि भारत की राजनीति न्याय और मानवता पर आधारित है। सिंह ने कहा कि भारत पूरे विश्व को एक परिवार मानता है। भारत 'वसुधैव कुटुम्बकम' के मंत्र में विश्वास करता है। उन्होंने कहा, "हमारे ऋषियों ने कभी नफरत नहीं सिखाई।" सिंह ने यह भी याद दिलाया कि जब प्रधानमंत्री मोदी ने महिलाओं के बैंक खातों में सीधे पैसे ट्रांसफर किए तो उन्होंने यह नहीं पूछा कि वह हिंदू हैं या मुस्लिम और यही इस देश की आत्मा है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।