Bihar Chunav 2025 Result: 'अराजकता फैलाने की कोशिश, पहले ही मान चुके हैं हार'; सुनील सिंह के भड़काऊ बयान पर बोले चिराग पासवान

Bihar Election Result 2025: केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने तंज कसते हुए कहा कि 'महागठबंधन' के नेता अब मानसिक रूप से नतीजों के लिए तैयार नहीं हैं। इसलिए इस तरह के उकसावे वाले बयान दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और RJD दोनों नेताओं की बौखलाहट स्पष्ट दिख रही है

अपडेटेड Nov 13, 2025 पर 9:46 PM
Story continues below Advertisement
Bihar Election 2025: अब देखना होगा कि 14 नवंबर को रिजल्ट वाले दिन ये आंकड़े कितने सही साबित होते हैं

Bihar Election Result 2025: बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों से ठीक एक दिन पहले राज्य की सियासत पूरी तरह गर्म है। RJD MLC सुनील सिंह द्वारा 'गिनती में गड़बड़ी हुई तो राजद कार्यकर्ता बिहार में नेपाल जैसे हालात बना देंगे' वाले विवादित बयान पर राजनीति तेज हो गई है। गुरुवार (13 नवंबर) को लोजपा (रामविलास) प्रमुख और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने इस बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी।

चिराग पासवान ने पटना में मीडिया से बातचीत में कहा कि RJD नेता खुलेआम अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा, "ये लोग माहौल खराब करने की कोशिश में लगे हुए हैं। यह चिंता का विषय है कि देश की बड़ी पार्टी और बिहार की सबसे बड़ी विपक्षी पार्टी इस तरह के बयान देकर जनता को उकसाने की कोशिश कर रही है। इससे साफ है कि यह लोग मन ही मन अपनी हार मान चुके हैं।"

चिराग ने तंज कसते हुए कहा कि 'महागठबंधन' के नेता अब मानसिक रूप से नतीजों के लिए तैयार नहीं हैं, इसलिए इस तरह के उकसावे वाले बयान दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और RJD दोनों नेताओं की बौखलाहट स्पष्ट दिख रही है। केंद्रीय मंत्री ने कहा, "राहुल गांधी Gen Z को याद कर रहे हैं। RJD के नेता धमकी दे रहे हैं। यह सब उनकी हताशा दर्शाता है। NDA नेताओं के चेहरे पर जो आत्मविश्वास है, वह महागठबंधन के नेताओं में नहीं दिख रहा।"


चिराग पासवान ने आरोप लगाया कि विपक्ष काउंटिंग के दौरान अफरा-तफरी फैलाने का प्रयास कर सकता है। उन्होंने कहा, "कल कैसे गिनती में बाधा डाली जाए, कैसे अराजक माहौल खड़ा किया जाए, अब ये लोग उसकी कोशिश कर रहे हैं। इसलिए ऐसे बयान दिए जा रहे हैं कि गड़बड़ी हुई तो सड़क पर उतरेंगे।"

उन्होंने बिहार के लोगों पर भरोसा जताते हुए कहा, "बिहार और बिहारियों ने हमेशा संयम दिखाया है। 90 के दशक का जंगलराज कोई भी वापस नहीं चाहता।" NDA की जीत को लेकर चिराग बेहद आश्वस्त दिखे। उन्होंने दावा किया कि इस बार NDA बड़ी बहुमत से सत्ता में लौट रहा है।

चिराग ने कहा, "हम 150 सीटों के पार जा रहे हैं। NDA की सरकार बहुत ही मजबूत और स्थिर बनने वाली है। यह सिर्फ एग्जिट पोल पर नहीं, बल्कि NDA नेताओं की मेहनत और जनता से मिले फीडबैक पर आधारित है।"

ये भी पढ़ें- Bihar Result 2025: बिहार रिजल्ट से पहले ही मोकामा में जश्न का माहौल, अनंत सिंह और सूरजभान दोनों के घर महाभोज की तैयारी

सुनील सिंह के विवादित बयान के बाद प्रशासन तुरंत हरकत में आया। उनके खिलाफ BNS की धारा 174, 353, 352, जनप्रतिनिधित्व अधिनियम की धारा 123(4), 125 और IT Act की धारा 66 के तहत साइबर थाना में मामला दर्ज किया गया है। बिहार चुनाव परिणाम कल 14 नवंबर को आएंगे। इसे लेकर बयानबाजी और आरोप-प्रत्यारोप अपने चरम पर हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।