Bihar Election 2025 Result: बिहार की अगली विधानसभा चुनाव के नतीजे आ चुके हैं और राज्य में पीएम मोदी की बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। बीजेपी को 89 सीटें मिली है, और इसकी सहयोगी पार्टी जदयू को 85 सीटें। दोनों ने 101-101 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे। वहीं विपक्षी महागठबंधन की बात करें तो यह बुरी तरह पस्त दिखी और राजद को महज 25 और कांग्रेस को 6 ही सीटें मिलीं। हालांकि सीटों का यह फर्क भले ही काफी बड़ा दिख रहा हो, लेकिन राज्य की 243 सीटों पर जीतने वाले कैंडिंडेट्स में से कुछ की जीत का फासला बहुत कम रहा, कुछ तो 50 मतों से भी कम के अंतर से जीते।
बिहार में आरा लोकसभा के तहत आने वाली संदेश विधानसभा सीट पर जीत का फर्क 30 सीटों से भी कम रहा। जदयू के राधा चरण शाह को 80598 वोट मिले और राजद के दीपू सिंह से महज 27 वोट के अंतर से जीत हासिल की।
कैमूर जिले की रामगढ़ विधानसभा सीट पर मायावती की बसपा ने कमाल दिखा दिया। बसपा के टिकट पर मैदान में उतरे सतीश कुमार सिंह यादव ने जीत हासिल की। हालांकि जीत का अंतर महज 30 मतों का रहा। सतीश को 72689 वोट मिले और उन्होंने बीजेपी के अशोक कुमार सिंह को हराकर फतह हासिल की। तीसरे स्थान पर रही राजद के अजीत कुमार को 41480 वोट मिले।
भोजपुर जिले की अगिआंव विधानसभा सीट पर भी कड़ी टक्कर देखने को मिलीष बीजेपी के महेश पासवान ने 69412 वोट हासिल किए और महज 95 वोट से जीत हासिल की। दूसरे स्थान पर सीपीआई (मार्क्सिस्ट-लेनिन) (लिबेरेशन) के शिव प्रकाश रंजन रहे।
औरंगाबाद की नबीनगर सीट पर नीतीश कुमार की जदयू के चेतन आनंद 80380 वोट हासिल कर 112 वोट से जीते। दूसरे स्थान पर कांग्रेस के आमोद कुमार सिंह रहे।
पूर्वी चंपारण जिले की ढाका सीट पर तेजस्वी यादव की राजद के टिकट पर मैदान में उतरे फैजल रहमान ने जीत हासिल की। उन्हें 112727 वोट मिले जो दूसरे स्थान पर रहे बीजेपी के पवन कुमार जायसवाल को मिले मतों से 178 वोट अधिक रहे।
बिहार विधानसभा चुनाव में किस पार्टी को मिली कितनी सीटें?
243 सीटों वाली अगली विधानसभा के चुनाव के लिए बिहार में 6 नवंबर और 11 नवंबर को वोटिंग हुई थी जिसकी काउंटिंग 14 नवंबर को हुई। इसमें किस पार्टी को कितने वोट मिले, इसका पूरा आंकड़ा नीचे दिया जा रहा है। ध्यान दें कि इसमें गठबंधन का जिक्र नहीं है बल्कि हर पार्टी का अलग-अलग आंकड़ा है।