Bihar Elections 2025: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार (17 अक्टूबर) को कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पिछले 20 सालों में राज्य को 'जंगलराज' से मुक्त किया। उन्होंने कहा कि इस विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ऐतिहासिक जनादेश के साथ एक बार फिर सरकार बनाएगा। इस दौरान शाह ने कहा, "मीडिया वाले बिहार का माहौल पूछते हैं, तो मैं साफ कह देता हूं, NDA बहुमत के साथ बिहार में सरकार बनाने जा रही है। हम बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व में चुनाव लड़ रहे हैं, और पूरे देश में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एनडीए का नेतृत्व कर रहे हैं।"
उन्होंने सारण जिले में एक जनसभा को संबोधित करते हुए यह भी कहा कि सारण लोकनायक जयप्रकाश नारायण और भिखारी ठाकुर की कर्मभूमि रही है। शाह ने कहा कि यही वह भूमि भी है जहां लोगों को लालू–राबड़ी के ‘जंगलराज’ की याद दिलाई जा सकती है। उन्होंने दावा किया कि NDA बिहार में इस बार भी ऐतिहासिक जनादेश के साथ सरकार बनाएगा।
भारतीय जनता पार्टी (BJP) के वरिष्ठ नेता ने कहा, "इस साल बिहार में लोग चार दिवाली मना रहे हैं। एक तो पारंपरिक दीपावली... दूसरी जब NDA सरकार ने जीविका दीदियों के खाते में 10 हजार रुपये भेजे, तीसरी जब केंद्र सरकार ने अधिकांश वस्तुओं पर GST घटाया और चौथी दिवाली 14 नवंबर को मनाई जाएगी जब बिहार चुनाव के नतीजे घोषित होंगे।"
गृह मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पिछले 20 सालों के दौरान बिहार को जंगलराज से मुक्त किया है। उन्होंने कहा कि पिछले 11 सालों में केंद्र की NDA सरकार ने गरीबों और राज्य के विकास के लिए कई ऐतिहासिक कदम उठाए हैं।
शाह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा, "मोदी जी ने अयोध्या में राम मंदिर का पुनर्निर्माण कराया, जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल 370 हटाया। संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (UPA) सरकार के समय आतंकवादी पूरे देश में खून की होली खेल रहे थे, लेकिन मोदी जी ने पहलगाम हमले के बाद पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में आतंकी ठिकाने ध्वस्त कर दिए।"
उन्होंने कहना था कि सारण की जनता को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि यहां RJD को एक भी सीट न मिले और जंगलराज की वापसी न हो। गृह मंत्री ने लोगों से अपील करते हुए कहा, "NDA उम्मीदवार को वोट दें। विकास के लिए वोट दें। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के हाथों को मजबूत करें।"
बयान पर बवाल के बाद गृह मंत्री ने नीतीश कुमार से की मुलाकात
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और बिहार में भारतीय जनता पार्टी के चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान ने शुक्रवार को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से उनके पटना के सरकारी आवास पर मुलाकात की। यह बैठक ऐसे समय में हुई जब विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने का आज (17 अक्टूबर) आखिरी दिन था। सूत्रों का कहना है कि इस बैठक के दौरान विधानसभा चुनाव की रणनीति और प्रचार को लेकर चर्चा हुई।
अमित शाह और कुमार की इस मुलाकात में जनता जद (यूनाइटेड) और बीजेपी के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे। इससे पहले गुरुवार को शाह ने कहा था कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन बिहार विधानसभा चुनाव मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में लड़ेगा। उन्होंने यह भी कहा था कि चुनाव के बाद NDA विधायक दल की बैठक में मुख्यमंत्री पद पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
शाह ने कहा था, "जहां भी हमें पूर्ण बहुमत मिला, चाहे वह राज्य हो या केंद्र, हमने गठबंधन की भावना से सरकार चलाई है। भाजपा ने हमेशा अपने सहयोगियों का सम्मान किया है और इस बार भी यही परंपरा जारी रहेगी।"
बिहार में बीजेपी और JDU 101-101 सीटों पर चुनाव लड़ रहे हैं। जबकि केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी की हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (HAM) और राज्यसभा सदस्य उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) को छह-छह सीटें दी गई हैं। इसके अलावा केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के नेतृत्व वाली लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) को 29 सीटें मिली हैं। राज्य की 243 सदस्यीय विधानसभा के चुनाव दो चरणों में छह और 11 नवंबर को होंगे। जबकि मतगणना 14 नवंबर को की जाएगी।