Credit Cards

Bihar Chunav 2025: 'बिहारियों को गाली देने वालों को यात्रा में बुलाया'; राहुल गांधी और तेजस्वी यादव पर संतोष सुमन का हमला

Bihar Election 2025: हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) के राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष सुमन ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एवं DMK प्रमुख एमके स्टालिन के 'वोटर अधिकार यात्रा' में शामिल होने को लेकर राहुल गांधी-तेजस्वी यादव पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि इस यात्रा के बहाने वे बिहारियों का अपमान कर रहे है

अपडेटेड Aug 27, 2025 पर 9:33 PM
Story continues below Advertisement
Bihar Election 2025: DMK प्रमुख एमके स्टालिन के 'वोटर अधिकार यात्रा' में शामिल होने को लेकर चर्चा गर्म है

Bihar Assembly Elections 2025: बिहार की सियासत में इन दिनों 'वोटर अधिकार यात्रा' को लेकर चर्चा गर्म है। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव इस यात्रा के जरिए राज्य के अलग-अलग जिलों में पहुंच रहे हैं। इस दौरान मौजूदा नीतीश कुमार सरकार पर हमला बोल रहे हैं। लेकिन इस बीच सत्तापक्ष की ओर से इस यात्रा पर तीखा हमला किया गया है। हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) के राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष सुमन ने तमिलनाडु के सीएम एमके स्टालिन के 'वोटर अधिकार यात्रा' में शामिल होने को लेकर राहुल-तेजस्वी पर तीखा हमला बोला है।

उन्होंने कहा कि इस यात्रा के बहाने वे बिहारियों का अपमान कर रहे है। संतोष सुमन ने बुधवार को कहा कि राहुल गांधी और तेजस्वी यादव ने वोटर अधिकार यात्रा में कांग्रेस नेता रेवंत रेड्डी, प्रियंका गांधी वाड्रा और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन को बुलाकर बिहार का अपमान किया है। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता मेहनतकश और स्वाभिमानी है। इस अपमान के लिए उन्हें कभी माफ नहीं करेगी।

सुमन का कहना है कि तेलंगाना सीएम और कांग्रेस नेता रेवंत रेड्डी ने कभी बिहारी DNA का मजाक उड़ाया था। वहीं, प्रियंका गांधी ने उस समय तालियां बजाई थीं, जब पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने चुनावी सभा में बिहारियों को गाली दिया था। सुमन ने कहा कि ऐसे नेताओं को बिहार बुलाना यहां की जनता का घोर अपमान है।


इसी तरह उन्होंने एम.के. स्टालिन और उनकी पार्टी DMK पर भी आरोप लगाया कि वे बार-बार बिहारियों और हिंदी भाषी लोगों का अपमान करते रहे हैं। DMK नेताओं ने हिंदी प्रदेशों को 'गौमूत्र प्रदेश' कहकर मजाक उड़ाया और यहां तक कहा कि बिहारी केवल शौचालय साफ करने के काम के लिए पैदा होते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे नेताओं को यात्रा के मंच पर बैठाना 14 करोड़ बिहारियों को गाली देना है।

इसके साथ ही उन्होंने आगे कहा कि जनता सब देख रही है। उन्होंने कहा कि आने वाले विधानसभा चुनाव में इसका जवाब जरूर देगी। गौरतलब है कि बिहार में विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। चाहें बड़ी पार्टी हो या छोटी, सभी एक-दूसरे पर हमला करने से पीछे नहीं हट रही हैं। यह पहली बार नहीं है जब HAM (S.) प्रमुख संतोष सुमन ने विपक्षी दलों पर निशाना साधा हो।

ये भी पढ़ें- Bihar Chunav: वोटर अधिकार यात्रा के दौरान बदमाशों ने उड़ाए राजद नेताओं के मोबाइल-पर्स, मचा हड़कंप!

इससे पहले भी शनिवार, 23 अगस्त को उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल (RJD) पर बड़ा हमला बोलते हुए कहा था कि 'लालटेन राज' ने बिहार को अंधेरे में धकेला है। लेकिन NDA सरकार ने राज्य को उस दौर से निकालकर विकास की राह पर खड़ा किया है। हालांकि, राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की वोटर अधिकार यात्रा लगातार सुर्खियों में है। लेकिन अब इस पर सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप और तेज हो गए हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।