Bihar Elections 2025 Phase 1 Voting: केंद्रीय मंत्री और बेगूसराय से बीजेपी के फायरब्रांड सांसद गिरिराज सिंह ने बिहार में जारी मतदान के दौरान बुर्का को लेकर ऐसा बयान दिया है जिससे राज्य की सियासत में उबाल आ गया है। लखीसराय में मतदान के बाद गिरिराज सिंह ने बुर्का पहनी महिलाओं की पहचान की जांच को 'वोट चोरी' रोकने के लिए आवश्यक बताया। उन्होंने कहा कि यह धार्मिक पक्षपात नहीं है। हम पाकिस्तान में नहीं रहते। न तो बिहार में तेजस्वी यादव की सरकार बनेगी, न ही यहां शरीयत कानून लागू होगा। बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में राज्य के 18 जिलों की 121 सीटों पर मतदान गुरुवार सुबह सात बजे से जारी है।
गिरिराज सिंह ने बुर्का को लेकर पत्रकारों कहा, "बुर्का के लिए आपको मैंने दिखाया कि आंगनबाड़ी केंद्र की सेविका आई हुई है। चुनाव आयोग ने व्यवस्था दी है। जिसको बुर्का से नाराजगी है, तो कानून का राज है। चुनाव आयोग ने कानून बनाया है...आधार कार्ड बनाने जाती हैं तो वहां कोई शरिया कानून नहीं है... रिजर्वेशन के लिए जाती है तो वहां कोई शरिया कानून नहीं...। एयरपोर्ट जाती हैं तो भी कोई शरिया कानून नहीं...। मुल्लाओं को यहीं दिखता है शरिया कानून...लेकिन यहां शरिया कानून नहीं है। यह पाकिस्तान नहीं है, ये हिंदुस्तान है, भारत है...। भारत का अपना संविधान है। इसी से चलेगा।"
बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में गुरुवार को दोपहर एक बजे तक 3.75 करोड़ मतदाताओं में से 42.31 प्रतिशत ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। राज्य निर्वाचन कार्यालय ने बताया कि अब तक गोपालगंज जिले में सर्वाधिक 46.73 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ है। जबकि लखीसराय में 46.37 फीसदी और बेगूसराय में 46.02 प्रतिशत मतदान हुआ।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव सहित कई प्रमुख नेताओं ने भी पहले चरण में अपने-अपने मतदान केंद्रों पर वोट डाला। यह चुनाव सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के लिए अग्निपरीक्षा के रूप में देखा जा रहा है।
इस बीच, विपक्षी राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने X पर आरोप लगाया, "पहले चरण के मतदान के दौरान महागठबंधन के मजबूत बूथों पर जानबूझकर बिजली आपूर्ति बाधित की जा रही है, ताकि मतदान की गति धीमी की जा सके। यह दुर्भावनापूर्ण मंशा से की गई गड़बड़ी है। निर्वाचन आयोग तत्काल संज्ञान लेकर सख्त कार्रवाई करे।"
हालांकि, मुख्य निर्वाचन कार्यालय (सीईओ) ने इन आरोपों को पूरी तरह निराधार और भ्रामक बताया। इसने आधिकारिक बयान में कहा, "यह आरोप पूरी तरह से बेबुनियाद और भ्रामक हैं। बिहार के सभी मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण और सुचारू रूप से मतदान हो रहा है। भारत निर्वाचन आयोग निष्पक्ष, पारदर्शी और निर्बाध मतदान प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए सभी मानक प्रोटोकॉल का पालन कर रहा है। ऐसे किसी भी भ्रामक प्रचार का कोई आधार नहीं है।"
अधिकारियों ने बताया कि पहले चरण में 18 जिलों की 121 विधानसभा सीटों पर सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ था, जो शाम पांच बजे तक जारी रहेगा। सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। इस बीच, राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के समर्थकों ने गुरुवार (6 नवंबर) को बिहार के उपमुख्यमंत्री और लखीसराय निर्वाचन क्षेत्र से बीजेपी उम्मीदवार विजय कुमार सिन्हा की कार को घेर लिया। आरजेडी कार्यकर्ताओं ने उनकी कार पर चप्पल और गोबर फेंकी।