जन सुराज पार्टी के फाउंडर और JDU के पूर्व उपाध्यक्ष प्रशांत किशोर ने दावा किया है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उन कुछ बड़े फैक्टर में से एक हो सकते है, जो आगामी बिहार विधानसभा चुनाव को प्रभावित कर सकते हैं। हालांकि, इस दावे के पीछे किशोर ने जो तर्क दिया, उससे नीतीश पर कोई खास असर नहीं पड़ेगा। इंडियन एक्सप्रेस को दिए एक इंटरव्यू में चुनाव रणनीतिकार से राजनेता बने प्रशांत किशोर ने कहा कि नीतीश का "खराब स्वास्थ्य" और उनका "नेतृत्व" इस चुनाव में दो सबसे बड़े निर्णायक फैक्टर बनकर उभरेंगे।
किशोर से जब पूछा गया कि इन चुनावों के परिणाम को तय करने वाले सबसे बड़े फैक्टर कौन से हैं? तो उन्होंने कहा, "विधानसभा चुनावों को प्रभावित करने वाले दो मुख्य कारक हैं- नीतीश का गिरता स्वास्थ्य और उनका नेतृत्व। जिस समय NDA उन्हें अपना सीएम चेहरा घोषित करता है और वे भीड़ को संबोधित नहीं कर पाते हैं, तब लोग उनके अलावा किसी और को चुनने का मन बना सकते हैं।"
अपने विरोधियों की इस आलोचना को खारिज करते हुए कि उनकी पार्टी बिहार में केवल वोट काटने के लिए चुनाव मैदान में है, किशोर ने दावा किया कि NDA, खासतौर से नीतीश को कुछ ज्यादा ही महत्व दिया जा रहा है।
किशोर ने कहा, "JSP को कम करके आंका जा रहा है। हम एक बड़ा फैक्टर बनने जा रहे हैं।" उन्होंने कुछ हलकों में चल रही इस चर्चा को खारिज कर दिया कि जेएसपी इस साल केवल स्थिति परखने के लिए चुनाव मैदान में है और असल में इसका लक्ष्य 2030 में चुनाव कराना है।
किशोर ने पिछले साल अपनी पार्टी बनाने से पहले एक पदयात्रा की, जो बिहार के 38 जिलों में से 20 से होकर गुजरी। किशोर ने आगे कहा कि वक्फ अधिनियम के पारित होने और संसद में चर्चा से JDU के साथ-साथ RJD भी बेनकाब हो गई है।
किशोर ने कहा, "विधेयक पर चर्चा ने लालू प्रसाद यादव को बेनकाब कर दिया है, जिनके वक्फ कानून में संशोधन का समर्थन करने वाले पुराने भाषण को संसद में कोट किया था। लालू को लंबे समय से मुसलमानों के रहनुमा के रूप में देखा जाता रहा है, लेकिन अब समुदाय को नए नेताओं की जरूरत है। नीतीश, जिन्हें मुस्लिम समुदाय के एक बड़े हिस्से का समर्थन हासिल था, उनकी पार्टी के विधेयक का समर्थन करने के बाद उनका भी पर्दाफाश हो गया है।"
बीजेपी पर टिप्पणी करते हुए किशोर ने कहा कि लोगों ने नागरिकता संशोधन अधिनियम (CAA) और तीन तलाक पर बैन के दौरान BJP की ध्रुवीकरण की कोशिशों को देख लिया है।
किशोर ने कहा, "मुसलमानों ने NDA और INDIA ब्लॉक के इरादों को समझ लिया है। यहीं पर JSP मुसलमानों के साथ-साथ पूरे राज्य के लिए एक विकल्प के रूप में उभरी है।" उन्होंने कहा कि बिहार के लोग नए चेहरे और नई सरकार चाहते हैं।