Bihar News: बिहार में इस साल के आखिरी में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य के लोगों को बड़ा तोहफा दिया है। मंगलवार (5 अगस्त) सुबह हुई बिहार कैबिनेट की बैठक में नीतीश सरकार ने प्रवासी कामगारों और आम नागरिकों के लिए एक अहम योजना को मंजूरी दी है। इस योजना के तहत अब देश के विभिन्न राज्यों जैसे दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान से बिहार लौटने वाले करीब 6,000 यात्रियों को साल में 3 महीने (दुर्गा पूजा से छठ तक दो माह और होली में एक माह) विशेष बस सेवा की सुविधा मिलेगी।
त्योहारों के समय परिवहन के साधनों में अत्यधिक भीड़ को देखते हुए राज्य सरकार ने यह कदम उठाया है। योजना के अनुसार, अगले 5 सालों तक इंटरस्टेट रूट्स पर निजी बस ऑपरेटरों के जरिए लोक-निजी भागीदारी (PPP) मॉडल में विशेष बसें चलाई जाएंगी। इसके लिए निजी बस संचालकों को प्रोत्साहन राशि के रूप में पीक साइड से 150 प्रति रुपये सीट और ऑफ पीक साइड से 300 रुपये प्रति सीट दिया जाएगा।
यह योजना बिहार राज्य पथ परिवहन निगम, पटना के माध्यम से संचालित की जाएगी। निजी बस ऑपरेटरों के साथ 5 वर्षों के लिए कॉन्ट्रैक्ट किया जाएगा। नीतीश सरकार ने इस योजना के तहत कुल 36.35 करोड़ रुपये (36 करोड़ 35 लाख 28 हजार रुपये) खर्च करने की स्वीकृति दी है।
इसमें प्रोत्साहन राशि के रूप में 35.64 करोड़ रुपये तथा आकस्मिकता मद में 71.28 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है। वर्ष 2025-26 में इस योजना पर 7.27 करोड़ रूपये का खर्च किया जाएगा, जो बिहार आकस्मिक निधि से लिया जाएगा। इस फैसले से ना केवल बिहार लौटने वाले प्रवासियों को राहत मिलेगी। बल्कि त्योहारों पर भीड़भाड़ और टिकटों की किल्लत से भी निजात मिलेगी।