Bihar Politics News: राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने बुधवार (12 मार्च) को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खिलाफ अपना हमला तेज करते हुए उन पर विधानसभा में अपनी टिप्पणियों और "अश्लील इशारों" से महिलाओं का अपमान करने का आरोप लगाया। RJD के अन्य विधायकों के साथ विधानसभा से वॉकआउट करने के बाद RJD सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की पत्नी एवं बिहार की पूर्व सीएम राबड़ी देवी ने नीतीश कुमार पर बड़ा हमला किया। उन्होंने आरोप लगाया कि विधानसभा में प्रवेश करने से पहले नीतीश कुमार नशीले पदार्थ का सेवन करते हैं।
नीतीश कुमार पर हमला तेज करते हुए राबड़ी देवी ने बुधवार को बिहार के मुख्यमंत्री पर विधानसभा सत्र में भाग लेने से पहले भांग पीने का आरोप लगाया। राबड़ी देवी ने नीतीश कुमार पर उनका अपमान करने का आरोप लगाया है। RJD नेता ने नीतीश पर महिलाओं का अपमान करने का भी आरोप लगाते हुए उनसे इस्तीफे की मांग की।
राबड़ी देवी ने न्यूज एजेंसी ANI से कहा, "नीतीश कुमार भांग पीकर विधानसभा आते हैं। वह महिलाओं का अपमान करते हैं, जिसमें मैं भी शामिल हूं, वे हमारा अपमान करते हैं। उन्हें देखना चाहिए कि जब हम सत्ता में थे तो हमने किस तरह का काम किया। उनके आस-पास के लोग जो कहते हैं, वह वही बोलते हैं। उनकी अपनी पार्टी के सदस्य और कुछ BJP नेता उनसे ऐसी बातें कहने के लिए कह रहे हैं।"
राबड़ी के बेटे और बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने भी नीतीश कुमार के इस्तीफे की मांग की। उन्होंने कहा, "नीतीश कुमार को खुद इस्तीफा दे देना चाहिए... उनसे पहले भी मेरे पिता (लालू यादव) सांसद बन चुके हैं। हमारे समर्थन पत्र के बिना वे सीएम नहीं बन सकते थे... उन्हें आश्रम चले जाना चाहिए, क्योंकि वे सरकार नहीं चला सकते। वे 14 करोड़ लोगों के भविष्य के साथ क्या कर रहे हैं? नीतीश कुमार की हालत स्थिर नहीं है।"
इससे पहले राबड़ी देवी ने शनिवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की आलोचना करते हुए कहा कि उन्होंने महिला सशक्तीकरण का श्रेय लेते हुए बेतुकी टिप्पणियां कीं। राबड़ी देवी ने पूछा, "नीतीश कुमार दावा करते हैं कि बिहार में जो भी अच्छा हुआ है, वह 2005 के बाद से हासिल हुआ है, जब वे सत्ता में आए थे। क्या उनका जन्म भी उसी साल हुआ था?"
नीतीश पर हमला जारी रखते हुए उन्होंने दावा किया, "वह यह कहने की हिम्मत रखते हैं कि बिहार में उनके सत्ता में आने से पहले लड़कियां और महिलाएं कपड़े नहीं पहनती थीं। क्या यह बात उनके अपने परिवार की महिलाओं के लिए भी सच है?"
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विधान परिषद में RJD की महिला सदस्यों के साथ तीखी बहस के दौरान विपक्ष की नेता राबड़ी देवी की ओर इशारा करते हुए कहा था कि 'इसके पति जब डूब गए तब अपनी पत्नी को मुख्यमंत्री बना दिया।' कुमार द्वारा किए गए 'इसके पति' शब्द का इस्तेमाल अपमानजनक माना गया। RJD के सदस्यों ने सदन के अंदर इसका विरोध भी किया।
राबड़ी देवी पहली बार 1997 में उस समय मुख्यमंत्री बनी थीं, जब उनके पति और RJD अध्यक्ष लालू प्रसाद को चारा घोटाले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा आरोपपत्र दाखिल करने के बाद पद छोड़ना पड़ा था। 7 मार्च को नीतीश कुमार ने आरजेडी पर वंशवाद की राजनीति का आरोप लगाया था।