PM मोदी को लेकर तेजस्वी यादव के X पोस्ट पर महाराष्ट्र में दर्ज हुई FIR, जानिए ऐसा क्या लिख दिया?

Tejashwi Yadav on PM Modi: तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक कार्टून शेयर किया था, जिसमें उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गया रैली को 'जुमलों की दुकान' कहा था। इस कार्टून में पीएम मोदी को एक दुकानदार के रूप में दिखाया गया था, जिसकी दुकान का साइनबोर्ड 'जुमलों की मशहूर दुकान' लिखा हुआ था

अपडेटेड Aug 23, 2025 पर 11:58 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
पोस्ट में तेजस्वी यादव ने पीएम मोदी से उनके 11 साल के शासन और बिहार में एनडीए के 20 साल के शासन का हिसाब भी मांगा था

Tejashwi Yadav: राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता तेजस्वी यादव के खिलाफ महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में एक FIR दर्ज हुई है। उन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को निशाना बनाते हुए एक 'आपत्तिजनक' सोशल मीडिया पोस्ट करने का आरोप है। स्थानीय भारतीय जनता पार्टी विधायक मिलिंद नरोटे की शिकायत पर गढ़चिरौली पुलिस ने बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री के खिलाफ यह FIR दर्ज की। आइए आपको बताते हैं आखिर क्या है तेजस्वी यादव के उस पोस्ट में जिसको लेकर हुई FIR।

'आज गया में जुमलों और झूठ की दुकान लगेगी'

तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक कार्टून शेयर किया था, जिसमें उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गया रैली को 'जुमलों की दुकान' कहा था। इस कार्टून में पीएम मोदी को एक दुकानदार के रूप में दिखाया गया था, जिसकी दुकान का साइनबोर्ड 'जुमलों की मशहूर दुकान' लिखा हुआ था। कार्टून के साथ किए गए पोस्ट में, तेजस्वी यादव ने पीएम मोदी से उनके 11 साल के शासन और बिहार में एनडीए के 20 साल के शासन का हिसाब मांगा था। उन्होंने लिखा था, 'आज गया में जुमलों और झूठ की दुकान लगेगी! प्रधानमंत्री जी, गया में बिना हड्डी की जुबान से आज आप अपने जुमलों और झूठ का हिमालय बनाएंगे, लेकिन बिहार की न्यायप्रिय जनता दशरथ मांझी की तरह आपके जुमलों और झूठ के इन विशाल पहाड़ों को तोड़ डालेगी।'


'नीतीश कुमार का यह आखिरी चुनाव होगा': तेजस्वी यादव

RJD नेता तेजस्वी यादव ने आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर एक बड़ा दावा भी किया हैं। उन्होंने कहा है कि यह बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का आखिरी चुनाव होगा और वह दोबारा सत्ता में नहीं आएंगे। इसके साथ ही तेजस्वी ने अपनी पार्टी की जीत का भी भरोसा जताया है। यह बयान उन्होंने भागलपुर में राहुल गांधी के साथ हो रही 'वोटर अधिकार रैली' में दिया। इस रैली को संबोधित करते हुए, तेजस्वी ने जनता से पूछा, 'क्या आपको असली सीएम चाहिए या डुप्लिकेट? हमें एकजुट होकर बदलाव के लिए वोट करना होगा।'

बिहार में राहुल गांधी कर रहें 'वोटर अधिकार रैली'

राहुल गांधी बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर 'वोटर अधिकार रैली' निकाले हुए हैं। यह 16 दिन की यात्रा बिहार के 20 जिलों में 1,300 किमी से अधिक की दूरी तय करेगी। इसका मुख्य उद्देश्य वोटर लिस्ट में कथित अनियमितताओं को उजागर करना है, जिसे विपक्षी नेता 'वोट चोरी' का मामला बता रहे हैं। यह यात्रा 1 सितंबर को पटना में समाप्त होगी। इस रैली में कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया भी 29 अगस्त को शामिल होंगे।

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि 'वोटर अधिकार रैली' ने लोगों को जगा दिया है और मौजूदा सरकार 'चोरी' से बनी है, न कि जनता के जनादेश से।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।