Bihar Election Result 2025: बिहार में NDA की ऐतिहासिक जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कांग्रेस को अपने गठबंधन सहयोगियों के लिए एक बोझ बताया। साथ ही भविष्यवाणी की है कि बढ़ते आंतरिक असंतोष के कारण जल्द ही कांग्रेस टूट जाएगी। बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) को मिले भारी जनादेश की सराहना करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने पश्चिम बंगाल से ‘जंगलराज’ को उखाड़ फेंकने का शुक्रवार को संकल्प लिया। बिहार विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 61 सीट पर चुनाव लड़ा और केवल छह सीट ही जीत सकी।
नई दिल्ली स्थित मुख्यालय में आयोजित धन्यवाद समारोह को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि 2024 लोकसभा चुनाव के बाद देश के 6 राज्यों में विधानसभा चुनाव हुए हैं और इन 6 चुनावों में कांग्रेस एक बार भी 100 सीटों का आंकड़ा पार नहीं कर पाई है। आज के दिन, सिर्फ एक चुनाव में जितने हमारे विधायक चुने गए हैं। कांग्रेस पिछले 6 चुनाव में उतने सीट भी नहीं जीत पाई थी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास देश के लिए कोई पॉजिटिव विजन नहीं है। सच्चाई यह है कि आज कांग्रेस 'मुस्लिम-लीगी माओवादी कांग्रेस' यानी MMC, बन गई है। कांग्रेस का पूरा एजेंडा इसी पर चलता है, इसलिए कांग्रेस के भीतर भी अब एक नया धड़ा पैदा हो रहा है, जो इस नकारात्मक राजनीति से असहज है।
PM मोदी ने कहा कि कांग्रेस के नामदार जिस रास्ते पर पार्टी को लेकर चल रहे हैं, उसके प्रति घोर निराशा और घोर नाराजगी अंदर ही अंदर पनप रही है। हो सकता है कि आगे कांग्रेस का एक और बड़ा विभाजन संभव हो। पीएम मोदी ने कहा कि बिहार की जनता ने जो प्रचंड जनादेश दिया है।
कांग्रेस की राज्य इकाई के अध्यक्ष राजेश कुमार कुटुम्बा सीट से हार गए। निवर्तमान विधानसभा में विधायक दल के नेता शकील अहमद खान को कदवा सीट पर JDU उम्मीदवार दुलाल चंद्र गोस्वामी ने 18,368 मतों के अंतर से हराया।
कांग्रेस के जो छह उम्मीदवार जीते उनमें सुरेंद्र प्रसाद (वाल्मीकि नगर), अभिषेक रंजन (चनपटिया), मनोज विश्वास (फॉर्ब्सगंज), अबिदुर रहमान (अररिया), मोहम्मद कमरूल होदा (किशनगंज) और मनोहर प्रसाद सिंह (मनिहारी) शामिल हैं।