Nitish Kumar Resignation: इस्तीफा देने के बाद क्या बोले नीतीश कुमार? बिहार में पहली बार BJP सरकार बनने का रास्ता साफ

Nitish Kumar Resignation: बिहार के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहे नीतीश कुमार अब केंद्र की राजनीति में नई भूमिका में नजर आएंगे। इसके साथ ही बिहार में पहली बार भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेतृत्व में सरकार बनने की रास्ता साफ हो गया है। जल्दी ही नए सीएम के नाम की घोषणा होगी

अपडेटेड Apr 14, 2026 पर 3:58 PM
Story continues below Advertisement
Nitish Kumar Resignation: नीतीश कुमार ने कहा कि हमने बिहार के लोगों के लिए बहुत काम किया है

Nitish Kumar Resignation: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार (14 अप्रैल) को कैबिनेट की आखिरी बैठक की अध्यक्षता करने के बाद अपने पद से इस्तीफा दे दिया। बिहार के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहे नीतीश कुमार अब केंद्र की राजनीति में नई भूमिका में नजर आएंगे। इसके साथ ही बिहार में पहली बार भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेतृत्व में सरकार बनने की रास्ता साफ हो गया है। नीतीश ने 10 अप्रैल 2026 को राज्यसभा के सदस्य के रूप में शपथ ली थी।

इस्तीफा देने से पहले नीतीश कुमार ने अपनी आखिरी मंत्रिमंडल बैठक में सहयोगियों का आभार जताते हुए कहा कि साल 2005 में सरकार में आने के बाद उन्होंने अपनी क्षमता के अनुसार राज्य के लिए काम किया। सीएम ने कहा कि आगे भी नई सरकार को उनका मार्गदर्शन मिलता रहेगा।

लोकभवन में सिर्फ 7 मिनट ही रुके नीतीश कुमार


नीतीश कुमार ने लोक भवन पहुंचकर राज्यपाल को अपना त्यागपत्र सौंप दिया। कुमार लोकभवन में महज सात मिनट ही रुके। कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और मंत्री विजय चौधरी के साथ इस्तीफा देने के लिए लोक भवन पहुंचे। इससे पहले दिन में राज्य में सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहे कुमार ने अपने मंत्रिमंडल सहयोगियों को मंत्रिपरिषद भंग करने के अपने निर्णय की जानकारी दी, जो राज्यपाल को इस्तीफा सौंपने से पहले की एक संवैधानिक प्रक्रिया है।

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने कुमार से उस समय मुलाकात की, जब वह राज्यपाल सैयद अता हसनैन को अपना इस्तीफा सौंपने के लिए रवाना हो रहे थे। बिहार की 243 सदस्यीय विधानसभा में 89 विधायकों के साथ सबसे बड़ी पार्टी BJP आज दोपहर करीब तीन बजे अपने कार्यालय में विधायक दल के नेता का चुनाव करेगी। BJP के संसदीय बोर्ड द्वारा विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान भी इस उद्देश्य से पटना पहुंच चुके हैं।

इस्तीफे के बाद क्या बोले नीतीश कुमार?

नीतीश कुमार ने इस्तीफे के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, "आप जानते हैं कि 24 नवंबर, 2005 को राज्य में पहली बार NDA सरकार बनी थी। तब से राज्य में कानून का राज है। हम लगातार विकास के काम में लगे हुए हैं। सरकार ने शुरू से ही सभी तबकों का विकास किया है चाहे हिंदू हो, मुस्लिम हो, अपर कास्ट हो, पिछड़ा हो, अति पिछड़ा हो, दलित हो, महादलित हो- सभी के लिए काम किया गया है। हर क्षेत्र में काम हुआ है। चाहें शिक्षा हो, स्वास्थ्य हो, सड़क हो, बिजली हो, कृषि हो। महिलाओं एवं युवाओं के लिए भी बहुत काम किया गया है।"

उन्होंने आगे लिखा, "इन दिनों काम को और आगे बढ़ाया गया है। अगले पाँच वर्षों यानि 2025 से 2030 के लिए 7 निश्चय-3 का गठन किया गया है। इससे और ज्यादा काम होगा जिससे बिहार काफी आगे बढ़ेगा। बिहार के विकास में केंद्र का भी पूरा सहयोग मिल रहा है। इसके लिए आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का नमन करते हैं। बिहार और तेजी से विकसित होगा और देश के टॉप राज्यों में शामिल हो जाएगा तथा देश की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान देगा।"

नीतीश ने यह भी कहा, "हमने बिहार के लोगों के लिए बहुत काम किया है। इतने दिनों से हमने लगातार लोगों की सेवा की है। हमने तय किया था कि अब मुख्यमंत्री का पद छोड़ देंगे। इसलिए आज मंत्रिमंडल की बैठक के बाद माननीय राज्यपाल से मिलकर उन्हें इस्तीफा सौंप दिया। अब नई सरकार यहां का काम देखेगी। नई सरकार को मेरा पूरा सहयोग एवं मार्गदर्शन रहेगा। आगे भी बहुत अच्छा काम होगा तथा बिहार बहुत आगे बढ़ेगा। सभी का बहुत-बहुत धन्यवाद करता हूं तथा शुभकामनाएं देता हूं।"

ये भी पढ़ें- Bihar CM News: नीतीश कुमार ने इस्तीफा देने से पहले की आखिरी कैबिनेट बैठक, सीएम ने की मंत्रिमंडल भंग करने की सिफारिश

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।