Nitish Kumar Oath: नीतीश कुमार ने रिकॉर्ड 10वीं बार ली बिहार CM पद की शपथ, सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा बने उप-मुख्यमंत्री

Nitish Kumar Oath:नीतीश कुमार के साथ ही भाजपा कोटे से सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा ने भी उप-मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण की। इस शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और NDA शासित कई राज्यों के मुख्यमंत्री सहित शीर्ष नेता मौजूद रहे

अपडेटेड Nov 20, 2025 पर 12:30 PM
Story continues below Advertisement
शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और NDA शासित कई राज्यों के मुख्यमंत्री सहित शीर्ष नेता मौजूद रहे

CM Nitish Kumar: जनता दल यूनाइटेड के प्रमुख नीतीश कुमार ने आज पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में रिकॉर्ड 10वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। इसी के साथ भाजपा कोटे से सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा ने भी उप-मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण की। इस शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और NDA शासित कई राज्यों के मुख्यमंत्री सहित शीर्ष नेता मौजूद रहे।

नीतीश कुमार 19 साल से अधिक समय से बिहार की गद्दी पर हैं काबिज


2000 में सिर्फ सात दिनों के लिए पहली बार CM बनने वाले नीतीश कुमार का राजनीतिक कद 2005 के बाद तेजी से बढ़ा। कुल मिलाकर नीतीश कुमार 19 साल से अधिक समय तक बिहार पर शासन कर चुके हैं, जिससे वह राज्य के इतिहास में सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले नेताओं में से एक बन गए हैं। उन्होंने बुधवार को निवर्तमान NDA सरकार के प्रमुख के रूप में इस्तीफा दिया और फिर राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान के सामने नई सरकार बनाने का दावा पेश किया था।

दो उप-मुख्यमंत्रियों सहित 14 नेताओं ने ली शपथ

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के शपथ लेने के बाद, आज गांधी मैदान में बड़ी संख्या में मंत्रियों को शपथ दिलाई गई। दो उप-मुख्यमंत्रियों सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा सहित, विजय कुमार चौधरी, विजेंद्र प्रसाद यादव, श्रवण कुमार, डॉ. दिलीप जायसवाल, और मंगल पाण्डेय ने एक साथ मंत्री पद की शपथ ली। इसके बाद लेसी सिंह, नितिन नवीन, मदन सहनी, रामकृपाल यादव, और सुनील कुमार ने भी मंत्री पद की शपथ ली। JD(U) विधायक जमा खान के साथ-साथ भाजपा कोटे से संजय सिंह 'टाइगर' और रमा निषाद ने भी मंत्री पद की शपथ ग्रहण की।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।