Kashmir Pahalgam Terror Attack: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले पर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के प्रवक्ता शक्ति यादव ने विवादित बयान दिया है। बिहार की एक रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कड़े संदेश पर शक्ति यादव ने कहा कि घटना से षड्यंत्र की बू आ रही है। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसा लग रहा है जैसे पहले ही इसकी पूरी स्क्रिप्ट लिखी गई थी। न्यूज 18 की एक रिपोर्ट के मुताबिक, तेजस्वी यादव के करीबी शक्ति यादव के विवादित बयान पर बिहार में सियासत गरमा गई है।
शक्ति यादव के बयान पर बीजेपी के नेताओं भी तेजस्वी यादव पर हमला शुरू कर दिया है। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता अजय आलोक ने कहा कि शक्ति यादव जो कुछ भी बयान देते हैं उसमें तेजस्वी यादव की हामी होती है। उन्होंने कहा कि शक्ति यादव जो कुछ भी कह रहे हैं समझिए वह तेजस्वी यादव के बोल हैं।
बीजेपी नेता ने आगे कहा कि अब लोगों को समझ लेना चाहिए कि तेजस्वी यादव और राष्ट्रीय जनता दल के लोगों की सोच कैसी है। उन्होंने कहा कि जब पहलगाम घटना पर पूरा देश शोक में है तो RJD के नेता ऐसे विवादित बयान दे रहे हैं। दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को आतंकवादियों ने हमला किया था। इसमें कम से कम 26 लोग मारे गए और कई अन्य घायल हो गए। इनमें ज्यादातर पर्यटक थे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहलगाम आतंकी हमले में शामिल सभी आतंकवादियों और इसकी साजिश रचने वालों को उनकी कल्पना से भी बड़ी सजा देने का संकल्प जताते हुए गुरुवार को कहा कि अब आतंकियों की बची खुची जमीन को भी मिट्टी में मिलाने का समय आ गया है। पीएम मोदी ने बिहार के मधुबनी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि यह हमला सिर्फ निहत्थे पर्यटकों पर नहीं हुआ है। बल्कि देश के दुश्मनों ने भारत की आत्मा पर हमला करने का दुस्साहस किया है।
उन्होंने अपने भाषण में कुछ बातें अंग्रेजी में भी कहीं, जिसमें उन्होंने कहा, "मित्रों, आज मैं बिहार की धरती से पूरी दुनिया को बता देना चाहता हूं कि भारत एक एक आतंकवादी और उनके आकाओं की पहचान करेगा, उनका पता लगाएगा और उन्हें सजा देगा। हम धरती के आखिरी छोर तक उनका (पहलगाम के हमलावरों का) पीछा करेंगे। आतंकवाद कभी भारत का मनोबल नहीं तोड़ पाएगा।"
पहलगाम के बैरसन में आतंकी हमले के बाद यह प्रधानमंत्री मोदी का पहला सार्वजनिक बयान है। मारे गए लोगों में बिहार के मूल निवासी मनीष रंजन भी थे जो हैदराबाद में आसूचना ब्यूरो (IB) में सेक्शन ऑफिसर के रूप में तैनात थे। मूल रूप से बिहार के रोहतास जिले के निवासी मनीष का परिवार अब पश्चिम बंगाल के झालदा में रहता है।
प्रधानमंत्री ने पाकिस्तान का नाम लिए बगैर उसे दिए एक संदेश में कहा, "मैं बहुत स्पष्ट शब्दों में कहना चाहता हूं जिन्होंने ये हमला किया है, उन आतंकियों को और इस हमले की साजिश रचने वालों को उनकी कल्पना से भी बड़ी सजा मिलेगी..सजा मिलकर रहेगी।"
PM मोदी ने कहा, "अब आतंकियों की बची खुची जमीन को भी मिट्टी में मिलाने का समय आ गया है।" प्रधानमंत्री मोदी ने पहलगाम हमले का जिक्र करते हुए कहा कि आतंकियों ने मासूम देशवासियों को जिस बेरहमी से मारा है, उससे पूरा देश व्यथित है, करोड़ों देशवासी दुखी हैं।